दुस्साहस. बनियापुर में आधा दर्जन हमलावरों ने की फायरिंग, फैलायी दहशत, रोड जाम
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :02 Feb 2016 4:18 AM (IST)
विज्ञापन

शराब व्यवसायी को मारी गोली हालत गंभीर, पटना रेफर घटना का कारण आपसी रंजिश दो बाइकों पर सवार थे अपराधी जाम में दोनों तरफ लग गयीं वाहनों की लंबी कतारें बनियापुर (सारण) : थाना क्षेत्र के हंसराजपुर के पास हार्डवेयर तथा शराब व्यवसायी चंद्रशेखर कुंवर को सोमवार को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल […]
विज्ञापन
शराब व्यवसायी को मारी गोली
हालत गंभीर, पटना रेफर
घटना का कारण आपसी रंजिश
दो बाइकों पर सवार थे अपराधी
जाम में दोनों तरफ लग गयीं वाहनों की लंबी कतारें
बनियापुर (सारण) : थाना क्षेत्र के हंसराजपुर के पास हार्डवेयर तथा शराब व्यवसायी चंद्रशेखर कुंवर को सोमवार को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन हमलावरों ने व्यवसायी को तीन गोलियां मारीं और दो-तीन चक्र हवाई फायरिंग कर लोगों में भय व दहशत फैला कर आराम से चलते बने. एक बाइक पर सवार तीन हमलावर बनियापुर और दूसरी बाइक पर सवार तीन हमलावर जलालपुर की तरफ भाग गये. घायल व्यवसायी को स्थानीय ग्रामीणों ने जलालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
सदर अस्पताल में उपचार के बाद घायल को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने छपरा-महम्मदपुर एनएच 102 को पूछरी बाजार के पास जाम कर दिया. इससे यातायात बाधित रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. जाम में फंसे वाहनों पर सवार यात्री परेशान रहे. सड़क पर आगजनी कर अपने विरोध का इजहार किया. सड़क जाम कर रहे ग्रामीण तथा व्यवसायी हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे.
एसपी के हस्तक्षेप से हटा जाम : सड़क जाम की सूचना पाकर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने पूछरी बाजार पर लगे जाम को हटवाया. एसपी ने आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा. घायल का बयान लेने के लिए पुलिस पदाधिकारी को पीएमसीएच भेजा गया है और इसकी जांच चल रही है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि आपसी विवाद के कारण घटना को अंजाम दिया गया है. आपसी विवाद का कारण भूमि तथा शराब व्यवसाय से जुड़ी होने की बात कही जा रही है.
एक वर्ष पहले भी हुआ था हमला : व्यवसायी चंद्रशेखर कुंवर पर एक वर्ष पहले भी हमला हुआ था. इस मामले में उसी गांव के दो लोग आरोपित हैं. पुलिस को ऐसी आशंका है कि पुरानी रंजिश के कारण ही दोबारा उन पर हमला किया गया है. घायल ने हमला करनेवालों की पहचान भी की है, जिनके बारे में पुलिस को जानकारी दे दी है.
क्या है मामला : हरिहरपुर गांव के चंद्रशेखर कुंवर ने पूछरी बाजार पर अपनी दुकान खोली और पलदारों को बुलाने के लिए गये थे. जब वह वापस दुकान पर लौट रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन हमलावरों ने गोली मार दी. पहले एक गोली पैर में लगी, जिसके बाद वह भागने लगे, तो दूसरे बाइक पर सवार अपराधियों ने सिर व कंधे के पास गोली मार दी. घायल व्यवसायी की हालत गंभीर बनी हुई है.
मुखिया पद का है दावेदार : आसन्न पंचायत चुनाव में व्यवसायी चंद्रशेखर कुंवर भी दावेदार हैं. पंचायत के आरक्षण रोस्टर क्लीयर होने पर उन्होंने मुखिया पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की थी. इस वजह से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण उन पर हमला होने की आशंका जतायी जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि कौन राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं और शराब व्यवसाय के कारण किसके साथ उनकी अदावत हो सकती है तथा किसके साथ भूमि विवाद है. इन विंदुओं पर जांच चल रही है.
क्या कहते हैं एसपी
यह घटना आपसी विवाद का परिणाम है. इस मामले में जांच की जा रही है. दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा और घटना के कारणों का खुलासा कर लिया जायेगा. सत्यवीर सिंह
पुलिस अधीक्षक, सारण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










