छपरा में तिलक के दिन घर में घुसकर दूल्हे की हत्या, सगे और चचेरे भाई को भी चाकू से गोदा

Updated:
विज्ञापन

मृतक की फाइल फोटो

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Bihar Crime News: छपरा के मांझी प्रखंड में तिलक से पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं. पुरानी रंजिश में हुई चाकूबाजी में वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो परिजन गंभीर रूप से घायल हैं.

विज्ञापन

Bihar Crime News: सारण जिले के मांझी प्रखंड के गोढा गांव में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई. जिस घर में तिलक की तैयारी चल रही थी और शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. गोढा गांव निवासी अशोक ठाकुर के पुत्र और मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 के पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकूबाजी में मौत हो गई. जिस युवक के सिर पर कुछ ही दिनों में सेहरा सजना था, उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया.

विज्ञापन

पुरानी रंजिश में हुई चाकूबाजी

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात पड़ोसियों के साथ किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई. इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिनकी पहचान राजा बाबू ठाकुर, उनके सगे भाई रितेश ठाकुर और चचेरे भाई मुकेश ठाकुर के रूप में हुई है.

ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज के लिए ले जाते समय रात करीब साढ़े 11 बजे वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. उनकी मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

शादी का घर बना शोक का घर

जिस घर में कुछ ही घंटे पहले तक शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, बहनों की खुशियां छिन गईं और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं. हर कोई यही कह रहा है कि जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां से जनाजा निकल गया.

25 को तिलक, 28 को बारात थी

राजा बाबू ठाकुर की शादी रसूलपुर थाना क्षेत्र के अंतरसन गांव में तय हुई थी. 25 अप्रैल को तिलक और 28 अप्रैल को बारात जानी थी. तिलक की पूरी तैयारी हो चुकी थी, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई और खुशियां गम में बदल गईं.

पुलिस जांच में जुटी, SIT का गठन

घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सारण के एसएसपी विनीत कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों को भरोसा दिया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

इस मामले में एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.

गोढा गांव में अब सन्नाटा पसरा हुआ है. शादी के लिए सजा घर सूना पड़ा है और हर तरफ शोक का माहौल है. इस घटना ने एक परिवार ही नहीं, पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है.

Also Read: पहले पत्नी को मौत के घाट उतारा, फिर 12 दिन बाद ही रचा ली दूसरी शादी, सिवान की घटना ने इंसानियत को झकझोरा

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन