जयप्रकाश विश्वविद्यालय PG नामांकन की दूसरी मेधा सूची 10 सितंबर को होगी जारी, जानें किस पोर्टल पर देख सकेंगे कॉलेज और विषय
AI से बनाई गई तस्वीर
जयप्रकाश विश्वविद्यालय पीजी सत्र 2026-28 के लिए दूसरी मेधा सूची आज जारी करेगा। छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर अपना नाम और आवंटित कॉलेज की जानकारी देख सकते हैं।
JP University Siwan : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के पीजी फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए दूसरी मेधा सूची 10 सितंबर को जारी की जायेगी. विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि दूसरी मेधा सूची तैयार कर ली गयी है. बुधवार को सूची का अंतिम सत्यापन किया जायेगा, जिसके बाद गुरुवार को इसे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिया जायेगा.
अंतिम सत्यापन के बाद वेबसाइट पर जारी होगी सूची
दूसरी मेधा सूची जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर अपना नाम, चयनित विषय और आवंटित कॉलेज की जानकारी देख सकेंगे. मेधा सूची तैयार करने में विद्यार्थियों द्वारा आवेदन के दौरान दिये गये कॉलेज विकल्प और निर्धारित आरक्षण रोस्टर को आधार बनाया गया है.
पसंद और सीट के आधार पर मिलेगा नामांकन का अवसर
विश्वविद्यालय की ओर से तैयार की गयी मेधा सूची में विद्यार्थियों की ओर से दिये गये कॉलेज विकल्प को भी ध्यान में रखा गया है. साथ ही आरक्षण रोस्टर के अनुसार सीटों का आवंटन किया गया है. इससे छात्रों को उपलब्ध सीटों और उनके विकल्प के आधार पर नामांकन का अवसर मिलेगा.
पीजी कॉलेजों और विभागाध्यक्षों को पहले ही मिले निर्देश
नामांकन प्रक्रिया को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पीजी कॉलेजों के प्राचार्यों और विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित 17 पीजी विभागों के अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिये हैं. दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया इन्हीं निर्देशों के अनुसार करायी जायेगी.
तीन अंगीभूत कॉलेजों में शुरू होगी पीजी की पढ़ाई
शैक्षणिक सत्र 2026-28 से जेपीयू के कई अंगीभूत कॉलेजों में पीजी के प्रमुख विषयों की पढ़ाई शुरू करने की अनुमति मिली है. इनमें राजा सिंह महाविद्यालय सीवान, विद्या भवन महिला महाविद्यालय सीवान और नारायण महाविद्यालय गोरेयाकोठी शामिल हैं. इन कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे संस्थानों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है.
17 विषयों में लिया जायेगा पीजी में नामांकन
पीजी में भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य और गृह विज्ञान विषयों में नामांकन लिया जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए