सीवान: दिलीप वर्मा हत्याकांड के बाद गुठनी में स्वर्ण व्यवसायियों का आक्रोश, दुकानें बंद कर सुरक्षा की उठी मांग
मुख्य बाजार में दुकान बंद कर विरोध करते स्वर्ण व्यवसायी | Prabhat Khabar Network
गुठनी में स्वर्ण व्यवसायी की हत्या से आक्रोशित व्यापारियों ने सुरक्षा और पुलिस गश्ती बढ़ाने के लिए थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन। अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग।
Siwan News : दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी बाजार में मंगलवार को लूट के दौरान स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा की चाकू गोदकर हत्या के बाद क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों में आक्रोश है. घटना के विरोध में बुधवार को गुठनी प्रखंड मुख्यालय के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया. इसके बाद व्यवसायियों ने थानाध्यक्ष को आवेदन देकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.
दिन में दो बार पुलिस गश्ती कराने की मांग
स्वर्ण व्यवसायियों ने मुख्य बाजार में दिन में कम से कम दो बार नियमित पुलिस गश्ती कराने की मांग की. व्यवसायियों का कहना था कि हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए स्वर्ण कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है. बाजार में नियमित पुलिस गश्ती होने से व्यवसायियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा.
जरूरतमंद कारोबारियों को आर्म्स लाइसेंस देने की मांग
व्यवसायियों ने व्यक्तिगत और व्यावसायिक सुरक्षा के लिए जरूरतमंद स्वर्ण कारोबारियों को आर्म्स लाइसेंस उपलब्ध कराने की भी मांग की. उन्होंने थानाध्यक्ष से इस मांग को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई हो सके.
दिलीप वर्मा के हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग
दुकानदारों ने मृतक दिलीप वर्मा के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की. साथ ही हत्या की घटना में संलिप्त अन्य आरोपितों को चिन्हित कर जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी उठायी. व्यवसायियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि अपराधियों में कानून का भय कायम हो.
दर्जनों स्वर्ण व्यवसायी रहे मौजूद
विरोध और आवेदन देने के दौरान नरेंद्र मोहन वर्मा, दीपू वर्मा, पिंटू वर्मा, जितेंद्र वर्मा, संतोष वर्मा, बिट्टू वर्मा, अविनाश वर्मा, अरुण वर्मा समेत दर्जनों स्वर्ण व्यवसायी मौजूद थे. व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने की मांग की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए