तापमान 37 डिग्री पहुंचा, धूप और उमस से लोग बेहाल

Updated:
विज्ञापन

बीते तीन दिनों तक तापमान में गिरावट से मिली राहत के बाद बुधवार से गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया.

विज्ञापन

छपरा. बीते तीन दिनों तक तापमान में गिरावट से मिली राहत के बाद बुधवार से गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया. अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया, जो दो दिन पहले 34 डिग्री था. सुबह नौ बजे तक आसमान में बादल छाये रहे, लेकिन 10 बजे के बाद तेज धूप निकल आयी और दिनभर कड़ी धूप का असर बना रहा. हवा की रफ्तार थमने से उमस में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों के निष्पादन में परेशानी हो रही है. तेज धूप और लू के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं और इलाज के लिए सदर अस्पताल सहित विभिन्न निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं. छपरा सदर अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गयी है. रजिस्ट्रेशन काउंटर पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं. वहीं चाइल्ड वार्ड में प्रतिदिन 70 से 80 बच्चों का उपचार किया जा रहा है. इनमें अधिकांश बच्चे स्कूल से लौटते समय धूप की चपेट में आकर बीमार हो रहे हैं. चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है.

सदर अस्पताल में 30 से 40 प्रतिशत बढ़े मरीज

सदर अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार ओपीडी में जितने मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं. उनमें से 50 से 60 फीसदी मरीजों में पेट दर्द, उल्टी, डिहाइड्रेशन की शिकायत दिखी है. कुछ मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया. दो-तीन मरीजों को सदर अस्पताल में बने हीटवेव वार्ड में भी रखा गया. चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बार-बार बदलाव हो रहा है. लोग काफी असावधानी बरत रहे हैं. कड़ी धूप में निकलने के बाद घर आकर तुरंत पानी पी ले रहे हैं. जिससे इंफेक्शन हो जा रहा है. खासकर छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे ने बताया कि इस समय वैसे मरीज जिन्हें ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, थायराइड आदि की समस्या है. उन्हें सतर्क रहना चाहिए. खान-पान में अनियमितता नहीं बरतनी चाहिए. पानी की मात्रा अधिक कर देनी चाहिये.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन