सारण में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर
सांकेतिक तस्वीर
जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' शुरू किए हैं. इन शिविरों का आयोजन हर माह के चतुर्थ मंगलवार को शैक्षणिक संस्थानों में किया जाएगा. छात्रों की शैक्षणिक व छात्रावास संबंधी शिकायतों का तुरंत समाधान होगा.
Student Support Camp: विद्यार्थियों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित, प्रभावी एवं संवेदनशील समाधान के लिए जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश और सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे.
आपके शहर में
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार सारण जिले के 58 शैक्षणिक संस्थानों को दो समूहों में बांटकर शिविर आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार की गयी है. समूह-1 के तहत 25 अगस्त, मंगलवार को 30 संस्थानों में शिविर आयोजित होगा. वहीं, समूह-2 के तहत 22 सितंबर, मंगलवार को 28 संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर लगाया जाएगा.
इन संस्थानों में आयोजित होंगे शिविर
विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, अभियंत्रण महाविद्यालय, चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक संस्थानों, आईटीआई, नर्सिंग स्कूल और छात्रावासों में किया जाएगा.
इसके अलावा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग छात्रावास, कल्याण विभाग द्वारा संचालित नेत्रहीन एवं आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा अन्य छात्रावासों में भी शिविर लगाए जाएंगे.
विद्यार्थियों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
विद्यार्थी सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं और शिकायतों को सीधे प्राप्त कर उनका यथासंभव त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है. शिविर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा.
छात्रवृत्ति, विभिन्न प्रमाण-पत्र, संस्थान की आधारभूत संरचना, पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, भोजन, सुरक्षा और परिवहन सहित अन्य समस्याओं को भी शिविर में रखा जा सकेगा.
प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच बनेगा सीधा संवाद
विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा. विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. प्रशासन की ओर से प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए