थानेदार का सिर फोड़ा, वाहनों के शीशे तोड़े

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Mar 2018 5:21 AM

विज्ञापन

सड़क जाम कर बाईपास पर किया उग्र प्रदर्शन एनएच 83 पर मठिया मोड़ के समीप दुर्घटना के बाद मचा बवाल मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की लोग कर रहे थे मांग बाइक सवार मृत युवक का साथी भी हुआ घायल जहानाबाद : टेहटा ओपी क्षेत्र के मठिया मोड़ बाईपास (एनएच 83) पर सोमवार की सुबह […]

विज्ञापन

सड़क जाम कर बाईपास पर किया उग्र प्रदर्शन

एनएच 83 पर मठिया मोड़ के समीप दुर्घटना के बाद मचा बवाल
मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की लोग कर रहे थे मांग
बाइक सवार मृत युवक का साथी भी हुआ घायल
जहानाबाद : टेहटा ओपी क्षेत्र के मठिया मोड़ बाईपास (एनएच 83) पर सोमवार की सुबह ट्रक से कुचलकर एक युवक की मौत हो जाने पर जमकर हंगामा मचा. दुर्घटना में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर मौत और उसके साथी के घायल होने की घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया. कई वाहनों के शीशे तोड़े. नाराज लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने आये टेहटा ओपी के प्रभारी सुधाकर कुमार सहित पुलिस दल पर भीड़ ने पथराव किया जिसमें ओपी प्रभारी सिर फटने से घायल हो गये. बाईपास पर हंगामा मचा रही भीड़ की चपेट में जिला शिक्षा पदाधिकारी भी आ गये.
उग्र लोगों ने उनके वाहन सहित अन्य कई यात्री और व्यावसायिक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया. लोग मृतक के परिजन को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे. मृतक ब्रजेश कुमार (22 वर्ष) टेहटा ओपी के मदारीचक गांव का निवासी था. इसी गांव के निवासी उसका दोस्त सतीश कुमार का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया. तकरीबन दो घंटे तक सड़क जाम रही. जाम को समाप्त कराने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
सड़क जाम से एनएच पर मची अफरा-तफरी: घटना की सूचना पाकर मृतक एवं घायल के परिजनों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. शव को देखते ही लोग आक्रोशित हो गये और मठिया मोड़ के समीप ही सड़क जाम कर रोषपूर्ण नारे लगाने लगे. उत्तेजित लोग ट्रक को गिरफ्तार करने, मृतक के परिजन को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग करने लगे. इस बीच वाहनों की कतार लग गयी. भीड़ में शामिल लोगों ने कई वाहनों पर पथराव किया, शीशे तोड़े, इसी बीच जहानाबाद के डीइओ प्रियनंदन प्रसाद की गाड़ी पर भी पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
जाम छुड़ाने गयी पुलिस दल पर किया हमला: घटना की सूचना पाकर टेहटा ओपी के प्रभारी सुधाकर कुमार दल-बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे. आक्रोशित लोगों को सड़क जाम समाप्त करने की वे बात कह रहे थे. अचानक गुस्साए लोगों ने पुलिस दल पर भी हमला कर दिया. पथराव किया, भगदड़ मच गया, जिसमें ओपी प्रभारी सिर में पत्थर लगने से घायल हो गये. स्थिति बिगड़ने की सूचना पाकर जहानाबाद से एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव और एएसपी अभियान संजीव कुमार बड़ी संख्या में सशस्त्र बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. भीड़ को समझा-बुझा रहे थे. नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दे रहे थे लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे. इस दौरान पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा. तकरीबन दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त होने के बाद स्थिति सामान्य हुई. शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया.
सेविंग कराने टेहटा बाजार में जा रहा था युवक
मदारीचक गांव के निवासी हीरालाल यादव के घर में कुछ कुटुंब आये हुए थे. सुबह करीब साढ़े नौ बजे ब्रजेश अपने दोस्त सतीश के साथ सेविंग कराने के लिए टेहटा बाजार जा रहा था. बाइक पर सवार दोनों दोस्त गांव से निकलने के बाद बाईपास के समीप संचालित एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के बाद टेहटा बाजार जा रहे थे. उसी दौरान तेज रफ्तार में आये एक ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी. गाड़ी चला रहा ब्रजेश गिर गया जिसे कुचलते हुए ट्रक गया की ओर भाग गया. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. उसका साथी धक्के से दूर जाकर गिरा और जख्मी हो गया. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जहानाबाद लाया गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन