जहानाबाद में मुआवजा विवाद ने लिया हिंसक रूप, केस गवाह पर चाकू से हमला, गंभीर
अस्पताल में भर्ती घायल.
Jahanabad News: दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. इस संबंध में मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वे इस मामले के प्रमुख गवाह हैं.
जहानाबाद से संजय अनुराग की रिपोर्ट
Jahanabad News: बभना ठाकुरबाड़ी की भूमि के भू-अर्जन के बाद मिले मुआवजे को लेकर चल रहे विवाद में एक प्रमुख गवाह पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. गुरुवार की देर शाम कुछ लोगों ने गवाह के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल का इलाज सदर अस्पताल जहानाबाद में चल रहा है.
ठाकुरबाड़ी में मारपीट के बाद चाकू से हमला किया
प्राप्त जानकारी के अनुसार परसबीघा थाना क्षेत्र के आलमपुर निवासी आशनंदन सिंह गुरुवार की शाम बभना ठाकुरबाड़ी गए थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में उनके कान में गंभीर चोट लगी, जिससे खून बहने लगा. इसके बाद हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. बचाव के दौरान उनके दाहिने हाथ में दो स्थानों पर चाकू लग गया, जिससे वे जख्मी हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है.
भूमि अधिग्रहित पर मिला है 14 करोड़ का मुआवजा
घायल आशनंदन सिंह ने बताया कि बभना ठाकुरबारी की कुछ जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण परियोजना में अधिग्रहित की गई थी. इसके एवज में करीब 14 करोड़ रुपये का मुआवजा मिला है, जिसमें से लगभग 5 करोड़ रुपये की निकासी भी हो चुकी है. मुआवजे की राशि को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. इस संबंध में मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वे इस मामले के प्रमुख गवाह हैं.
गवाही न देने का दबाव, जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार गवाही नहीं देने का दबाव बनाया जा रहा था. इसी क्रम में गुरुवार की शाम उन पर हमला किया गया. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ALSO READ: जहानाबाद में कैंप लगाकर शिक्षकों के अंतर वेतन का होगा भुगतान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए