मानसी गोलीकांड के बाद भी नहीं सुधरी रेल सुरक्षा, खगड़िया स्टेशन पर पुलिस की कमी से यात्रियों में डर
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 12 Jun 2026 1:18 PM
खगड़िया स्टेशन
Khagaria News: मानसी-सहरसा रेलखंड पर जनसाधारण एक्सप्रेस में यात्री को गोली मारने की घटना के बाद रेल यात्रियों में दहशत का माहौल है. हैरानी की बात यह है कि घटना के अगले दिन भी खगड़िया रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर नजर आई. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट
Khagaria News: मानसी-सहरसा रेलखंड पर जनसाधारण एक्सप्रेस में यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. शुक्रवार को खगड़िया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिखे. यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा बलों की कमी के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है.
स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यात्रियों में नाराजगी
शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे खगड़िया रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे. लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर दिखाई दी. यात्रियों के अनुसार उस समय स्टेशन पर केवल एक महिला सिपाही तैनात थी, जबकि आरपीएफ और जीआरपी के जवान प्लेटफॉर्म या ट्रेनों में नजर नहीं आए. इससे यात्रियों में असुरक्षा की भावना और बढ़ गई.
महिला यात्रियों ने भी जताई चिंता
महिला यात्रियों का कहना है कि महिला कोच में अक्सर बेटिकट यात्री प्रवेश कर जाते हैं. पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण उन्हें असहज और असुरक्षित महसूस करना पड़ता है. यात्रियों ने महिला कोचों में नियमित जांच और विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है.
गोलीकांड ने बढ़ाई दहशत
गौरतलब है कि गुरुवार रात मानसी स्टेशन और बदलाघाट स्टेशन के बीच 52 नंबर पुल के पास जनसाधारण एक्सप्रेस में बदमाशों ने एक यात्री को गोली मार दी थी. गोली यात्री के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई.
सुपौल जा रहे इंजीनियर को मारी गई गोली
घायल यात्री की पहचान झारखंड निवासी देव कुमार गुंजन के रूप में हुई है. वह जमुई स्थित पावर ग्रिड में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. उनकी पत्नी स्मिता कुमारी सुपौल में मोटर वाहन निरीक्षक हैं. बताया गया कि वह अपनी पत्नी से मिलने सुपौल जा रहे थे, तभी यह वारदात हुई.
जांच में जुटी पुलिस, बयान का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल यात्री को बदलाघाट स्टेशन पर उतारकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा. बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया. मानसी जीआरपी थाना अध्यक्ष रवि भूषण कुमार ने बताया कि गोली लगने के कारण घायल यात्री बयान देने की स्थिति में नहीं थे. उनके बयान के बाद ही घटना के कारणों और अपराधियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग
घटना के बाद रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा महिला कोचों में विशेष निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है. यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं.
Also Read: बिहार के इन 3 पुलों पर 15 जून की आधी रात से नहीं चलेंगी गाड़ियां, जानिए प्रशासन ने क्यों लिया फैसला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










