जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों का अनोखा विरोध, सड़क पर धान रोपकर और खाद डालकर जताया आक्रोश

Updated:
विज्ञापन

भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड के ग्रामीणों ने NH-80 को जोड़ने वाले कीर्तनियां–पकड़िया मार्ग की बदहाल स्थिति के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया. सड़क के गड्ढों में धान रोपकर उन्होंने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा है.

विज्ञापन

भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत कीर्तनिया पंचायत के ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे चुका है. राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-80) को जोड़ने वाली कीर्तनियां–पकड़िया मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया. सड़क की दुर्दशा पर आक्रोश व्यक्त करते हुए ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों में भरे पानी के बीच धान की रोपाई की और खाद डालकर प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

दो वर्षों से बदहाल है NH-80 को जोड़ने वाली सड़क

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कीर्तनियां–पकड़िया मुख्य मार्ग पिछले दो वर्षों से पूरी तरह से जर्जर स्थिति में पड़ा हुआ है. सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलजमाव के कारण यह मार्ग अब हादसों का कारण बन चुका है. इस जर्जर सड़क से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. विशेषकर बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति इतनी दयनीय हो जाती है कि वाहनों के साथ-साथ पैदल चलना भी दूभर हो जाता है और आवागमन लगभग ठप्प पड़ जाता है.

अधिकारियों से गुहार बेअसर, आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन में शामिल समाजसेवी बमबम सिंह ने प्रशासनिक उदासीनता पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि सड़क की मरम्मत और पुननिर्माण को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं. इसके बावजूद अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे बड़े पैमाने पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल हुए ग्रामीण

सड़क पर किए गए इस अनूठे विरोध प्रदर्शन में गांव के महिला और पुरुष बड़ी संख्या में एकजुट हुए. सभी ने एक स्वर में सड़क निर्माण की मांग उठाई. इस दौरान सुलोचना देवी, प्रमिला देवी, जिछी देवी, चिंता देवी, ऐतवार तांती, सुनील कुमार, सन्नी कुमार, पवन पोद्दार, विशाल पोद्दार, दीपक पांडे, सौरभ कुमार, सोनू साह, दिलीप साह, रुपेश साह, बमबम सिंह, दीपक मिश्रा, बल्ली तांती और विष्णु कुमार सहित अनेक स्थानीय निवासी मुख्य रूप से मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन