लिट्टीपाड़ा में डबल मर्डर कांड का पुलिस ने किया खुलासा, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में पत्नी और सास की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। आरोपी अबरास अंसारी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। जानें पूरी खबर।
पाकुड़: लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान झेनागड़िया निवासी 28 वर्षीय अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन के रूप में हुई है. मृतकों की पहचान गुलचेहरा बीबी और उसकी मां मेंजा बीबी के रूप में हुई है. गुलचेहरा बीबी आरोपी की पत्नी थी, जबकि मेंजा बीबी उसकी सास थी.
आपके शहर में
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बुधवार देर रात झेनागड़िया गांव में महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किये जाने की सूचना मिली थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआइटी) का गठन किया गया.
एसआइटी ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किये और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी अबरास अंसारी को गिरफ्तार कर लिया.
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपी के अनुसार, पारिवारिक कलह को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद आवेश में आकर उसने पत्नी और सास की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू तथा घटना के समय पहना गया खून लगा टी-शर्ट और बरसाती बरामद की है.
पुलिस के अनुसार, मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 45/26, दिनांक 6 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 26/2020, दिनांक 19 मई 2020 को मारपीट एवं हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है.
छापेमारी दल में पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव, पाकुड़ नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के कर्मी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए