माड़र नदी में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर डूबा, बखरी में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
फोटो- घटना स्थल पर ग्रामीणों का भीड़ | Prabhat Khabar Network
अलौली के शुम्भा पंचायत में माड़र नदी में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मचा है, पुलिस जांच में जुटी है।
Khagaria River Drowning: अलौली (खगड़िया). बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुम्भा पंचायत के वार्ड संख्या-14 में शनिवार को माड़र नदी में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान वार्ड-14 निवासी शंकर राम के छोटे पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में मातम का माहौल है.
साथियों के साथ नदी में नहाने गया था विशाल
जानकारी के अनुसार विशाल कुमार अपने 4-5 साथियों के साथ माड़र नदी स्थित छठ घाट के समीप नहाने गया था. सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे. इसी दौरान अचानक विशाल का पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया.
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, शुरू हुई तलाश
विशाल को गहरे पानी में जाते देख उसके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया. बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने नदी में किशोर की तलाश शुरू कर दी. स्थानीय गोताखोरों को भी नदी में उतारा गया.
दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक नदी में तलाश की, जिसके बाद विशाल को पानी से बाहर निकाला जा सका. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बहादुरपुर थाना पुलिस को भी दी.
बखरी में चिकित्सक ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सक्रिय हुए. विशाल को पहले स्थानीय क्लिनिक ले जाया गया. इसके बाद बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे बेगूसराय जिले के बखरी में चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
विशाल की मौत की खबर मिलते ही शुम्भा पंचायत के वार्ड-14 में मातमी सन्नाटा पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे.
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
Khagaria River Drowning: बहादुरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










