ePaper

#INDvsAUS : रांची में धौनी का आखिरी वनडे !, यह खास तोहफा देने उतरेगी टीम इंडिया

Updated at : 07 Mar 2019 3:49 PM (IST)
विज्ञापन
#INDvsAUS : रांची में धौनी का आखिरी वनडे !, यह खास तोहफा देने उतरेगी टीम इंडिया

रांची : भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच शुक्रवार को पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला जेएससीए स्‍टेडियम रांची में खेला जाएगा. महेंद्र सिंह धौनी का संभवत: यह आखिरी वनडे मैच होगा. वैसे में विराट कोहली और पूरी टीम इंडिया ‘माही’ को उनके घर में सीरीज जीत कर बड़ा तोहफा देना चाहेगी. शुक्रवार को यहां […]

विज्ञापन

रांची : भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच शुक्रवार को पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला जेएससीए स्‍टेडियम रांची में खेला जाएगा. महेंद्र सिंह धौनी का संभवत: यह आखिरी वनडे मैच होगा. वैसे में विराट कोहली और पूरी टीम इंडिया ‘माही’ को उनके घर में सीरीज जीत कर बड़ा तोहफा देना चाहेगी.

शुक्रवार को यहां भारतीय टीम तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पांच मैचों की शृंखला में 3-0 की विजयी बढ़त बनाने की कोशिश करेगा.

मौजूदा शृंखला के प्रत्येक मैच में धौनी की काफी हौसलाअफजाई हो रही है क्योंकि प्रशंसकों को पता है कि उन्हें संभवत: इस मैदान पर धौनी को भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देखने का मौका नहीं मिलेगा. इस भावनात्मक पहलू के बीच शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी भारत के लिए चिंता का विषय है क्योंकि शिखर धवन की खराब फार्म के कारण भारत की शुरुआत पर असर पड़ रहा है.

इसे भी पढ़ें…

शिखर धवन का खराब फॉर्म, क्‍या है विशेषज्ञों की राय

धवन पिछले 15 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सिर्फ दो अर्धशतक जड़ पाये हैं, लेकिन इसकी संभावना कम ही है कि भारत पहले दो मैच जीतने वाली टीम में कोई बदलाव करेगा. फार्म में वापसी करने वाले लोकेश राहुल को अपने मौके के लिए भारत के शृंखला जीतने का इंतजार करना पड़ सकता है, लेकिन टीम प्रबंधन उन्हें तीसरे नंबर पर भी आजमा सकता है.

भारत ने छह विकेट और आठ रन से जीत दर्ज की. ये जीत भले ही आसान नहीं रही हो लेकिन दबाव में करीबी मैच जीतने से टीम का मनोबल बढ़ा होगा. दोनों ही मैचों में भारत की गेंदबाजी बेहतरीन रही और ऑस्ट्रेलिया की टीम 250 रन के स्कोर तक पहुंचने में नाकाम रही.

इसे भी पढ़ें…

तेजी से सचिन के रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहे हैं विराट, क्‍या पीछे छोड़ देंगे ‘क्रिकेट के भगवान’ को

विराट कोहली ने दूसरे वनडे में जामथा की धीमी पिच पर शतक जड़कर अपना कौशल दिखाया, लेकिन अन्य बल्लेबाज अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं. उप कप्तान रोहित शर्मा पहले मैच में लय में नजर आ रहे थे, लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. केदार जाधव और धौनी ने पहले वनडे में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन दूसरे वनडे में ये दोनों ही बुरी तरह विफल रहे.

न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली शृंखला में 90 रन की सिर्फ एक अच्छी पारी खेलने वाले अंबाती रायुडू के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी है और उनकी जगह राहुल को मौका दिया जा सकता है. प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास लेने वाले रायुडू को क्रीज पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनकी मुख्य समस्या स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहना है.

इसे भी पढ़ें…

MS Dhoni ने अपने नाम पर बने पवेलियन का उद्घाटन करने से कर दिया इनकार?

अगर धवन को टीम में बरकरार रखा जाता है तो राहुल को तीन मैच खिलाने का सर्वश्रेष्ठ तरीका यह है कि वह तीसरे नंबर पर उतरें जबकि कप्तान कोहली रायुडू की जगह चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करें. भारत की गेंदबाजी को लेकर कोई समस्या नजर नहीं आती.

टीम के गेंदबाज इकाई के रूप में प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं. दूसरे मैच का सबसे सकारात्मक पक्ष जाधव और विजय शंकर का मिलकर पांचवें गेंदबाज की भूमिका सफलतापूर्वक निभाना रहा। विजय शंकर ने अंतिम ओवर में दो विकेट चटकाकर भारत को जीत दिलायी जिससे कप्तान के अंदर भी भरोसा आया होगा कि अगर हार्दिक पांड्या नहीं खेल पाते हैं तो वह तमिलनाडु के इस आलराउंडर पर निर्भर रह सकते हैं.

हालांकि वह अब भी ऐसे गेंदबाज नहीं हैं जो प्रत्येक मैच में लगातार छह से सात ओवर फेंक सके. मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने अब तक दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है. शमी ने पहले मैच में पहले स्पैल में शानदार गेंदबाजी की जबकि बुमराह ने दूसरे मैच में एक बार फिर डेथ ओवर में गेंदबाजी की अपनी क्षमता दिखायी.

एक अन्य गेंदबाज जो विश्व कप टीम में जगह बनाने की ओर कदम बढ़ा रहा है वह रविंद्र जडेजा हैं जिन्होंने बीच के ओवरों में कुलदीप यादव के साथ शानदार गेंदबाजी की. यह लगभग तय हो गया है कि सिद्धार्थ कौल को बैकअप तेज गेंदबाज के रूप में मौका नहीं मिलेगा जबकि आराम के बाद टीम में भुवनेश्वर कुमार की वापसी हुई है.

टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, विजय शंकर, महेंद्र सिंह धौनी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार और ऋषभ पंत.

ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंड्सकोम्ब, शान मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन टर्नर, झाय रिचर्डसन, एडम जंपा, एंड्रयू टाई, पैट कमिंस, नाथन कोल्टर नाइल, एलेक्स केरी, नाथन लियोन और जेसन बेहरेनडोर्फ.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola