सितंबर के पहले सप्ताह से रांची में शुरू हो सिटी गैस का वितरण

Updated at : 14 Aug 2019 2:21 AM (IST)
विज्ञापन
सितंबर के पहले सप्ताह से रांची में शुरू हो सिटी गैस का वितरण

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि रांची व जमशेदपुर में सिटी गैस वितरण की शुरुआत सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो जायेगी. राज्य सरकार द्वारा जो भी सहयोग होगा, वह कंपनियों को मिलेगा. गैस वितरण शुरू होने से लोगों को स्वच्छ और सस्ता इंधन मिलेगा. साथ ही रांची-जमशेदपुर समेत अन्य शहरों में […]

विज्ञापन

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि रांची व जमशेदपुर में सिटी गैस वितरण की शुरुआत सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो जायेगी. राज्य सरकार द्वारा जो भी सहयोग होगा, वह कंपनियों को मिलेगा. गैस वितरण शुरू होने से लोगों को स्वच्छ और सस्ता इंधन मिलेगा. साथ ही रांची-जमशेदपुर समेत अन्य शहरों में सीएनजी के स्टेशन बनाने के लिए भी सरकार हरसंभव मदद कर रही है. जल्द से जल्द सीएनजी स्टेशन भी शुरू करें. श्री दास ने यह बातें मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस व इस्पात मंत्रालय के अधिकारियों साथ हुई बैठक में कही.

23 अगस्त से दूसरी रिफिल भी फ्री दी जायेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के हर गांव में उज्ज्वला दीदी बनायी जा रही हैं. इन्हें मंत्रालय द्वारा रिफिलिंग और सेफ्टी का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाये. राज्य सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के तहत राज्य में कनेक्शन के साथ चूल्हा और पहली रिफिल फ्री दी जा रही थी. अब 23 अगस्त से राज्य सरकार की ओर से दूसरी रिफिल भी फ्री दी जायेगी.
राज्य में उनके मंत्रालय से जुड़ी कंपनियों ने लगभग 10,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है : प्रधान
केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस व इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयास से मंत्रालय से जुड़ी कंपनियों ने अच्छा काम किया है. उनका मंत्रालय राज्य सरकार के साथ हर कदम पर है. उन्होंने कहा कि सितंबर के पहले सप्ताह में सिटी गैस वितरण की शुरुआत की जायेगी.
इसके साथ ही रांची व जमशेदपुर में गैस आधारित श्मशान घाट का भी शिलान्यास किया जायेगा. यह पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ ही पैसा और समय बचायेगा. उन्होंने कहा कि राज्य में उनके मंत्रालय से जुड़ी कंपनियों ने लगभग 10,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है. इससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़े हैं.
आनेवाले समय में इन सब का असर दिखेगा. ओएनजीसी राज्य में कोल बेडेड मिथेन गैस पर तेजी से काम कर रही है. अगले तीन-चार साल में इनके पूर्ण रूप से शुरू हो जाने से न केवल लोगों को सस्ती गैस मिलेगी, बल्कि झारखंड को भी काफी राजस्व मिलेगा. झारखंड को बायो एनर्जी हब बनाया जायेगा.
यहां कोल बेडेड मिथेन, एथनोल, नेचुरल गैस, सोलर एनर्जी, बायो एनर्जी के क्षेत्र में काफी काम किया जा सकता है. मंत्रालय इस दिशा में काम कर रहा है. यहां के वनोपज से जेट फ्यूल भी तैयार किया जायेगा. इससे यहां के लोगों को आमदनी का नया स्रोत मिलेगा.
पीएसयू के अस्पतालों को आयुष्मान भारत से जल्द जोड़ा जायेगा
निर्णय लिया गया कि बोकारो स्टील प्लांट अस्पताल समेत अन्य पीएसयू कंपनियों के अस्पतालों को आयुष्मान भारत के साथ जल्द जोड़ा जायेगा. बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों का निर्देश दिया गया कि स्थानीय उत्पादों से क्वालिटी में बिना समझौता किये कम से कम 25 प्रतिशत खरीदारी करें. इससे स्थानीय छोटे व लघु उद्यम को सहारा मिलेगा. बैठक में राज्य सरकार और एनएमडीसी का संयुक्त उपक्रम बनाकर उत्पादन शुरू करने का निर्णय लिया गया.
इसमें निर्मित उत्पादों में राज्य के लघु, छोटे व मध्यम उद्यमों को प्राथमिकता दी जायेगी. बैठक में मुख्य सचिव डीके तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल समेत केंद्र व राज्य सरकार के विभागों के अधिकारी, ओएनजीसी, आइओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, गेल, सेल, बीएसएल, इंडेन समेत अन्य कंपनियों के अधिकारी उपस्थित थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola