रामगढ़ : वरमाला के बाद लापता हुई दुल्हन, बिना शादी लौटी बारात, गोला थाना पहुंचा मामला

Updated:
विज्ञापन

बिना शादी लौटी बारात

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में शादी समारोह में वरमाला के बाद दुल्हन मंडप से पहले लापता हो गई और बिना शादी बारात लौट गई, मामले में दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

गोला से राजकुमार की रिपोर्ट 

Ramgarh News: रामगढ़ में गोला थाना क्षेत्र के साडम गांव में गुरुवार की रात एक शादी समारोह उस समय अचानक विवाद और अफरा-तफरी में बदल गया, जब वरमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन विवाह मंडप में नहीं पहुंची और बाद में उसके घर से लापता होने की जानकारी सामने आई. घटना के बाद पूरी रात पंचायत चलती रही और आखिरकार बिना शादी किए बारात वापस लौट गई. गुरुवार सुबह मामला गोला थाना पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. 

गाजे-बाजे के साथ पहुंची थी बारात 

जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के साडम गांव निवासी एक व्यक्ति की पुत्री की शादी दुलमी प्रखंड के ब्यांग गांव निवासी युवक के साथ तय हुई थी. गुरुवार 14 मई की रात बारात गाजे-बाजे और धूमधाम के साथ साडम गांव पहुंची. वधू पक्ष द्वारा बारात का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इसके बाद वरमाला की रस्म भी संपन्न हुई. शादी समारोह में शामिल बारातियों और रिश्तेदारों ने भोजन किया और विवाह की अन्य तैयारियां चल रही थीं. 

मंडप में दूल्हा करता रहा इंतजार 

रात में विवाह की रस्म शुरू होने के लिए दूल्हा मंडप में बैठ गया. शादी संपन्न कराने पहुंचे पंडित ने वधू पक्ष से दुल्हन को मंडप में बुलाने के लिए कहा. काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद दुल्हन मंडप में नहीं पहुंची. इसके बाद परिजनों द्वारा उसकी खोजबीन शुरू की गई. खोजबीन के दौरान पता चला कि युवती घर से कहीं चली गई है. यह खबर फैलते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया. 

दूल्हा पक्ष ने जताई नाराजगी 

दुल्हन के गायब होने की जानकारी मिलते ही दूल्हा पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे. वर पक्ष ने वधू पक्ष पर शादी में हुए खर्च की भरपाई करने की मांग की. उनका कहना था कि या तो युवती को खोजकर शादी कराई जाए और शादी समारोह में हुए खर्च को वापस किया जाए. इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और तनाव की स्थिति बनी रही. 

पूरी रात चली पंचायत 

मामले को शांत कराने के लिए गांव के गणमान्य लोग और दोनों पक्षों के रिश्तेदार आगे आए. देर रात तक पंचायत चली, जिसमें दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया. ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया. हालांकि सुबह तक युवती का कोई पता नहीं चल सका.

युवती की तलाश में जुटी पुलिस 

गुरुवार सुबह दोनों पक्ष गोला थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी. युवती पक्ष ने युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है. वहीं वर पक्ष ने शादी टूटने और खर्च को लेकर अपनी बात पुलिस के समक्ष रखी. पुलिस ने मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुचाई में करियर काउंसलिंग सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित, मैट्रिक और इंटर के टॉपर हुए सम्मानित

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुकड़ू में जंगली हाथी का कहर, घर तोड़ा, इलाके में दहशत

विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola