बेतिया में कॉरपोरेट भारत छोड़ो आंदोलन, 300 आंदोलनकारियों ने दी सामूहिक गिरफ्तार
बेतिया में कॉरपोरेट भारत छोड़ो आंदोलन के तहत सीपीआईएम से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचे करीब 300 आंदोलनकारियों ने सामूहिक रूप से गिरफ्तारी दी.
Bettiah News: बेतिया. कॉरपोरेट भारत छोड़ो के आह्वान पर सोमवार को बेतिया में सीपीआईएम से जुड़े विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. राज द्योढ़ी टांगा स्टैंड से निकला जुलूस केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचा. प्रदर्शन के बाद करीब 300 आंदोलनकारियों ने जेल भरो आंदोलन के तहत सामूहिक रूप से गिरफ्तारी दी.
राज द्योढ़ी से समाहरणालय तक निकला जुलूस
आंदोलन की शुरुआत राज द्योढ़ी टांगा स्टैंड से हुई. किसान, मजदूर, नौजवान, छात्र और विभिन्न जनसंगठनों से जुड़े कार्यकर्ता जुलूस में शामिल हुए. प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचे और किसान-मजदूरों समेत आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.
ज्ञापन सौंपकर रखीं जनहित की मांगें
समाहरणालय पहुंचने के बाद आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने नियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन सौंपने वालों में सीपीआईएम जिला सचिव सत्येंद्र कुमार मिश्रा, किसान सभा के जिला अध्यक्ष धनंजय पुरी, डीवाईएफआई राज्य कमेटी सदस्य इम्तियाज अहमद, पार्टी सचिवमंडल सदस्य मुकेश कुमार यादव तथा एसएफआई संयोजक सत्येंद्र कुमार शामिल रहे.
आंदोलनकारियों ने खाद की बढ़ती कीमत, खेती की बढ़ती लागत और किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ नहीं मिलने समेत कई मुद्दे उठाए. किसानों, खेत मजदूरों और आम लोगों के हित में नीतियां बनाने की मांग की गई.
300 आंदोलनकारियों ने दी सामूहिक गिरफ्तारी
ज्ञापन सौंपने के बाद नगर थाना पुलिस ने आंदोलनकारियों को एहतियातन हिरासत में लेकर नगर थाना पहुंचाया. आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार गिरफ्तारी देने वालों में प्रभु राज नारायण राव, चांदसी प्रसाद यादव, प्रकाश वर्मा, नीरज वर्णवाल, सुशील श्रीवास्तव और एम. हनीफ समेत करीब 300 कार्यकर्ता शामिल रहे.
एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि करीब 300 लोगों ने गिरफ्तारी दी. सभी को एहतियातन हिरासत में लेने के बाद बाद में मुक्त कर दिया गया.
जेल भरो आंदोलन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आंदोलन को देखते हुए समाहरणालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. एसडीएम विकास कुमार के नेतृत्व में एसडीपीओ अजीत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अतनु दत्ता समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान तैनात रहे. पुलिस की मौजूदगी में आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई.
आंदोलन जारी रखने का ऐलान
आंदोलनकारी नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया. नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से किसानों, खेत मजदूरों और आम लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी और दमन से जनआंदोलन को रोका नहीं जा सकता.
सीपीआईएम नेताओं ने बताया कि महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं के खिलाफ 6 से 15 अगस्त तक पदयात्रा और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान "जनता की एकता जिंदाबाद" और "किसान-मजदूर एकता जिंदाबाद" जैसे नारे लगाए गए.
यह भी पढ़ें: नरकटियागंज से बिहार में पहली बार मानसून गन्ने की रोपनी शुरू, किसानों को मिलेगा दोहरा लाभ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए