Bettiah News: एलआईबी को राजनीतिक दलों से जोड़ने का प्रयास भ्रामक
फोटो कैप्शन : प्रेसवार्ता में शामिल लेट्स इंस्पायर्ड बिहार के स्थानीय प्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
लेट्स इंस्पायर बिहार ने संगठन को राजनीतिक दलों से जोड़ने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पदाधिकारियों ने इसे पूरी तरह गैर-राजनीतिक सामाजिक अभियान बताया है।
सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा संगठन और इसके मुख्य संरक्षक आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को लेकर लगाए गए आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है. बेतिया में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपों को निराधार, तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपना पक्ष रखा. वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि लेट्स इंस्पायर बिहार पूरी तरह गैर-राजनीतिक सामाजिक अभियान है. इसका उद्देश्य बिहार की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षमता को मजबूत करना तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ना है. वक्ताओं के अनुसार, किसी सामाजिक कार्यक्रम में किसी जनप्रतिनिधि की मौजूदगी या उनके साथ सार्वजनिक रूप से खिंचवाई गई तस्वीर को आधार बनाकर व्यक्तिगत संबंध, संरक्षण अथवा आर्थिक सहयोग जैसे आरोप लगाना उचित नहीं है. प्रेसवार्ता में विकास वैभव पर की जा रही टिका-टिप्पणी पर भी वक्ताओं ने आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ आरोप लगाने से पहले तथ्यों और प्रमाणों को सामने रखना चाहिए. केवल तस्वीरों अथवा सार्वजनिक मुलाकातों के आधार पर निष्कर्ष निकालना सार्वजनिक विमर्श की गरिमा के विपरीत है. संगठन ने सभी राजनीतिक दलों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों से अपील की कि सामाजिक अभियानों को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाए. बिना प्रमाण किसी व्यक्ति या संस्था की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाले बयान देने से भी बचना चाहिए. प्रेसवार्ता के दौरान संगठन ने अपने गैर-राजनीतिक स्वरूप को दोहराते हुए सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने की बात कही. प्रेस वार्ता के दौरान एलआईबी के कुंदन शांडिल्य, संयोजक साकेत कुमार सुमन, फकरुद्दीन, अशोक कानोड़िया, पवन कुमार सिंह, अनुज कुमार सिंह, अभय गुप्ता सहित अन्य शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक अगस्टीन
आलोक अगस्टीन ने वर्ष 2004 से पत्रकारिता में सक्रिय रहने के साथ पत्रकारिता व जनसंचार में माखनलाल से स्नातक तथा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की हैं. नोएडा के साधना एकेडमी ऑफ मीडिया स्टडीज से फोटो एंड वीडियो जर्नलिज्म में डिप्लोमा के पश्चात 2015 में बेतिया प्रभात खबर से जुड़कर अबतक कार्य कर रहे हैं. इसके पूर्व बेतिया में ही हिन्दुस्तान के साथ साथ पटना के अनेक स्थानीय चैनलों में रिपोर्टर की भूमिका निभाई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










