जामुड़िया में जोरदार विरोध के बाद ईसीएल ने बहाल की 3 गांवों की बिजली आपूर्ति

Updated:
विज्ञापन

महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जामुड़िया के तीन गांवों में ईसीएल द्वारा बिजली काटे जाने पर ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन. प्रबंधन ने दबाव में आकर बिजली आपूर्ति बहाल की.

विज्ञापन

जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में ईसीएल द्वारा अचानक बिजली आपूर्ति बंद किये जाने के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. बिजली कटने से परेशान चिचुड़िया, डोबराना और चिचुड़िया डांगालपाड़ा गांव के महिला-पुरुषों ने सोमवार सुबह सोनपुर बाजारी एरिया कार्यालय के मुख्य गेट के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया और कार्यालय का गेट घेर दिया. ग्रामीणों के लगातार विरोध और नारेबाजी के बाद आखिरकार ईसीएल प्रबंधन को गांवों में बिजली आपूर्ति पुनः बहाल करनी पड़ी. ग्रामीणों के अनुसार, रविवार देर रात जब पूरा इलाका शांत था, उसी दौरान बिना किसी पूर्व सूचना के ईसीएल ने तीनों गांवों की बिजली काट दी. अचानक बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर सोनपुर बाजारी एरिया कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान ग्रामीणों ने ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीण शंकर बनर्जी ने आरोप लगाया कि करीब आठ से दस वर्षों से ईसीएल की ओर से उनके इलाके में बिजली आपूर्ति की जा रही है. लेकिन पिछले कुछ समय से इस सेवा को बंद करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि ईसीएल उनके इलाके से लगातार मुनाफा कमा रहा है, लेकिन ग्रामीणों को बुनियादी बिजली सुविधा देने में भी आनाकानी की जा रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गांवों की बिजली आपूर्ति दोबारा बंद की गयी, तो ग्रामीण इससे भी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे. वहीं, चिचुड़िया गांव की निवासी अंबिका बनर्जी ने कहा कि उनके परिवार में कमाने वाला कोई नहीं है. बिजली का बिल वहन करने में सक्षम नहीं होने के कारण उन्होंने स्टेट बिजली लाइन का कनेक्शन नहीं लिया है. उनका परिवार ईसीएल की बिजली आपूर्ति पर ही निर्भर है. घर में छोटा बच्चा भी है. ऐसे में अचानक आधी रात को बिजली काट दिये जाने से परिवार के सामने गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी. उन्होंने मुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर जल्द से जल्द ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने की अपील की. ग्रामीणों के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने हस्तक्षेप किया. इसके बाद ईसीएल प्रबंधन ने तीनों गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी. बिजली वापस मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया.

विज्ञापन


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola