रामगढ़ कैंट में दुकान चोरी का खुलासा, CCTV फुटेज से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
रामगढ़ कैंट में हुई दुकान चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।
रामगढ़ कैंट: शिवाजी रोड लोहार टोला स्थित लगन गिफ्ट दुकान में 21 जुलाई की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस अधिकारी बीरबल हेंब्रम के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले के मुख्य आरोपी मिथिलेश सोनी उर्फ कमलेश सोनी उर्फ भंटा को गिरफ्तार किया है. आरोपी गोलपार के आजाद मोहल्ला का रहने वाला है. उसकी निशानदेही पर गोला रोड स्थित बर्तन दुकान से चोरी किए गए सामान का कुछ हिस्सा बरामद किया गया है.
छत के रास्ते दुकान में घुसा था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी दुकान के बगल स्थित गेट के सहारे छत पर पहुंचा और पिछले दरवाजे का ग्रिल तोड़कर दुकान में प्रवेश किया. इसके बाद करीब 40 से 50 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर फरार हो गया. दुकान संचालक रंजन कुमार ने कैंट थाना में शिकायत दर्ज करायी थी और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया था.
फुटेज से हुई पहचान
जांच के दौरान पुलिस अधिकारी बीरबल हेंब्रम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला. फुटेज और पुलिस अनुसंधान के आधार पर आरोपी की पहचान की गयी. इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
बर्तन दुकान में रखा था चोरी का सामान
पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर गोला रोड स्थित बर्तन दुकान में छापेमारी की गयी, जहां से चोरी के सामान का कुछ हिस्सा बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार कुछ सामान अभी बरामद नहीं हुआ है. उसकी बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है. चोरी का सामान और कहां-कहां खपाया गया है, इसकी भी जांच की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए