महागामा के 171 सरकारी विद्यालयों में तड़ित चालक का अभाव, बारिश के मौसम में बच्चों की सुरक्षा पर संकट

Updated at : 16 Sep 2025 11:26 PM (IST)
विज्ञापन
महागामा के 171 सरकारी विद्यालयों में तड़ित चालक का अभाव, बारिश के मौसम में बच्चों की सुरक्षा पर संकट

वज्रपात से बचाव के लिए तड़ित चालक लगाये जाने की मांग, अभिभावक और शिक्षकों में भय

विज्ञापन

महागामा प्रखंड क्षेत्र के 171 सरकारी विद्यालयों में तड़ित चालक न होने के कारण लगभग 40 हजार बच्चों की जान पर बारिश के मौसम में गंभीर खतरा मंडरा रहा है. मानसून की शुरुआत होते ही क्षेत्र में वज्रपात की घटनाएं हर वर्ष होती हैं, जिससे अभिभावक चिंतित हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं. विभागीय जेई योगेश रंजन ने बताया कि वर्ष 2005-2006 में सरकार की ओर से तड़ित चालक लगाने की पहल की गयी थी. उस समय लगभग 36 हजार रुपये की लागत से अधिकांश विद्यालयों में तड़ित चालक लगाये गये थे. लेकिन दुर्भाग्यवश एक वर्ष के भीतर ये उपकरण या तो चोरी हो गये या जंग लगने के कारण खराब हो गये. इसके बाद से अब तक किसी भी विद्यालय में नया तड़ित चालक नहीं लगाया गया है. बीपीओ मनोज बालहंस ने जानकारी दी कि प्रखंड क्षेत्र में कुल 171 सरकारी विद्यालय हैं, जिनमें 54 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, 43 प्राथमिक विद्यालय, 39 उत्क्रमित मध्य विद्यालय, 16 मध्य विद्यालय, 14 उत्क्रमित उच्च विद्यालय, 4 उच्च विद्यालय तथा एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शामिल हैं. इसके अतिरिक्त 30 सरकारी मान्यता प्राप्त मदरसे भी नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं. बारिश के मौसम में वज्रपात का खतरा अधिक होता है और विद्यालय भवन सीधे वज्रपात की चपेट में आ सकते हैं, जिससे बच्चों और शिक्षकों की जान को गंभीर जोखिम रहता है. क्षेत्र के अभिभावक इस स्थिति को लेकर गंभीर चिंतित हैं और उनका कहना है कि शिक्षा विभाग को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए. अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि सभी विद्यालयों में तत्काल तड़ित चालक लगाए जायें ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके. वर्तमान में बारिश के दौरान बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावकों को डर महसूस हो रहा है, परंतु विभाग की ओर से अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. अभिभावक एवं शिक्षकों ने चिंता जताते हुए कहा है कि बारिश और वज्रपात के मौसम में बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो गया है. विभाग को तत्काल कदम उठाकर सभी विद्यालयों में तड़ित चालक लगाना चाहिए ताकि बच्चों की जान सुरक्षित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola