होम सेंटर की मांग को लेकर छात्रों ने प्राचार्य को सौंपा आवेदन
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 10 Jun 2026 10:48 PM
दूरस्थ परीक्षा केंद्रों से बढ़ रही परेशानी, महागामा डिग्री कॉलेज में ही परीक्षा आयोजित कराने की मांग
डिग्री कॉलेज, महागामा के छात्र-छात्राओं ने स्नातक सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए होम सेंटर बनाये जाने की मांग को लेकर प्राचार्य के नाम आवेदन सौंपा. छात्रों का कहना है कि वर्तमान में परीक्षा केंद्र महागामा से काफी दूर निर्धारित किये जाते हैं, जिससे उन्हें शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. छात्रों द्वारा दिये गये आवेदन में बताया गया है कि प्रत्येक सेमेस्टर परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र मुख्य रूप से गोड्डा (लगभग 33 किलोमीटर) अथवा परसा (लगभग 23-24 किलोमीटर) में निर्धारित किया जाता है. लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्र पहुंचने में छात्रों को काफी परेशानी होती है. इसके अलावा यात्रा खर्च बढ़ने के साथ-साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ता है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव उनकी परीक्षा की तैयारी और प्रदर्शन पर पड़ता है. छात्रों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि वर्ष 2024 में स्थापना के बाद से डिग्री कॉलेज, महागामा लगातार शैक्षणिक प्रगति कर रहा है. ऐसे में आसपास के अन्य महाविद्यालयों की तरह महागामा डिग्री कॉलेज को भी होम सेंटर की सुविधा प्रदान की जानी चाहिए, ताकि स्थानीय छात्रों को राहत मिल सके. उन्होंने प्राचार्य से आग्रह किया कि इस मांग को विश्वविद्यालय प्रशासन एवं परीक्षा नियंत्रक के समक्ष गंभीरता से उठाया जाये, ताकि आगामी सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन महागामा डिग्री कॉलेज परिसर में ही सुनिश्चित किया जा सके. इस अवसर पर अंकित भारती, अभिषेक कुमार शर्मा, अमन कुमार, एरिक मरांडी, सुधांशु निगम, रोशन कुमार सिंह, मोहम्मद छोटू, रिमझिम भारती, मजीदा खातून, रिया गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










