महिला को डायन कहकर प्रताड़ित करने का विरोध पड़ा भारी, बुजुर्ग पर जानलेवा हमला

Updated:
विज्ञापन
सदर अस्पताल में इलाजरत वृद्ध.  | Prabhat Khabar Network

सदर अस्पताल में इलाजरत वृद्ध. | Prabhat Khabar Network

गोड्डा के ककना गांव में डायन कहकर प्रताड़ित करने का विरोध करने पर 100 वर्षीय बुजुर्ग पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

गोड्डा: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ककना गांव में अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. गांव की एक महिला को कथित रूप से डायन कहकर प्रताड़ित किये जाने का विरोध करना एक 100 वर्षीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया. आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने बुजुर्ग पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आयी है. घायल बुजुर्ग जागेश्वर यादव का इलाज गोड्डा सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के संबंध में घायल की पतोहू गांधी देवी ने बताया कि गांव के अभिषेक ठाकुर, सावन ठाकुर तथा उनके परिवार के अन्य सदस्य उन्हें अक्सर डायन कहकर अपमानित करते और प्रताड़ित करते थे. इसी अंधविश्वास और गाली-गलौज का विरोध करने तथा आरोपितों को समझाने के लिए उनके लगभग 100 वर्षीय ससुर जागेश्वर यादव उनके पास गये थे. आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपित उग्र हो गये और उनमें से एक ने तलवार से बुजुर्ग के सिर पर वार कर दिया. हमले में उनका सिर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और वे खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े.

ग्रामीणों और महिला की सूझबूझ से बची बुजुर्ग की जान\\घटना की सूचना मिलते ही खेत में काम कर रही गांधी देवी दौड़कर मौके पर पहुंचीं. ग्रामीणों के सहयोग से उन्होंने साहस का परिचय देते हुए हमलावर के हाथ से तलवार छीन ली, जिससे आगे की बड़ी घटना टल गयी. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद गांधी देवी आरोपित से छीनी गयी तलवार को लेकर सदर अस्पताल पहुंचीं. सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और तलवार को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.


क्या कहते हैं थाना प्रभारी?

थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा ने बताया कि ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिली है. घायल का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. परिजनों की ओर से आवेदन देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola