शेखपुरा में नीट पेपर लीक और पुलिसिया दमन के खिलाफ छात्रों का बड़ा प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, देखें वीडियो...
Sheikhpura Student Protest NEET : नीट पेपर लीक मामले ने देशभर में तूल पकड़ लिया है. दिल्ली और पटना में पुलिसिया लाठीचार्ज के विरोध में शेखपुरा में छात्रों का भारी उबाल देखने को मिला. हजारों की संख्या में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
Sheikhpura Student Protest NEET : नीट पेपर लीक मामले ने पूरे देश में तूल पकड़ लिया है. दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिसिया लाठीचार्ज के विरोध में शेखपुरा में भी भारी उबाल देखने को मिला. हजारों की संख्या में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की कड़ी मांग की.
हाथों में तिरंगा लेकर हजारों छात्रों ने निकाला जुलूस
छात्रों का यह विशाल विरोध प्रदर्शन छात्र राजद नेता आलोक कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें आरवाई (RYA) के रिक्की खान सहित हजारों छात्र शामिल हुए. बड़ी संख्या में छात्र अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर चल रहे थे. यह जुलूस शहर के गिरिहिंडा कच्ची रोड से शुरू हुआ और स्टेशन रोड होते हुए पटेल चौक पर पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गया.
छात्र नेताओं ने सरकार के तानाशाही रवैये पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगों को लेकर दिल्ली और पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर वीभत्स तरीके से लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए.
युवाओं की आवाज को कुचल रही पुलिस
नेताओं ने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और बलिदान से मिली है, लेकिन आज युवाओं की आवाज को पुलिसिया दमन के जरिए कुचलने का प्रयास किया जा रहा है. इसे लोकतंत्र के लिए एक 'काला दिन' करार दिया गया.
सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
छात्रों के भारी आक्रोश और प्रदर्शन को देखते हुए शेखपुरा पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में था. शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी. सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जुलूस के साथ-साथ पुलिस अधिकारी और जवान लगातार चल रहे थे. जुलूस के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद ही पुलिस पदाधिकारियों ने राहत की सांस ली.
विपक्षी पार्टियों का भी मिल रहा है लगातार समर्थन
नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुए दमन के खिलाफ अन्य राजनीतिक दल भी लगातार आवाज उठा रहे हैं. इससे पहले भाकपा माले, उसकी छात्र इकाई आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) भी संयुक्त रूप से इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं. वहीं, बुधवार को कांग्रेस नेता जितेंद्रनाथ पटेल की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी दिल्ली में लाठीचार्ज और राहुल गांधी के साथ हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ विरोध जताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी.
Also Read : शेखपुरा में 500 छात्रों के लिए करियर काउंसलिंग का आयोजन, विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मूल मंत्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए