शेखपुरा के चंचला हत्याकांड में पिता गिरफ्तार, मां पहले से जेल में; भाई की तलाश में जुटी पुलिस, जानिए क्या है मामला?

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार हत्या का अभियुक्त पिता

प्रेम विवाह से नाराज परिजनों द्वारा बेटी की हत्या के चर्चित मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी पिता ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है. वहीं, आरोपी मां पहले से ही जेल में बंद है. पुलिस अब फरार भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

विज्ञापन

Chanchala Murder Case: प्रेम विवाह से नाराज परिजनों द्वारा पुत्री की हत्या के चर्चित मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी पिता बच्चनदेव चौहान ने रविवार को नगर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया. पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. नगर थाना क्षेत्र के कमासी गांव में 25 नवंबर 2024 को हुई चंचला कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही थी. इससे एक सप्ताह पहले पुलिस ने आरोपी मां शिक्षिका अनीता देवी को स्कूल जाने के दौरान रास्ते से गिरफ्तार किया था. वह सूरदासपुर विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत बतायी जाती है और फिलहाल जेल में बंद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कुर्की की कार्रवाई के लिए निकल रही थी पुलिस

अनुसंधानकर्ता सह पुलिस निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि रविवार को नगर थाना पुलिस कोर्ट के आदेश पर फरार आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई करने निकल रही थी. इसी दौरान बच्चनदेव चौहान नगर थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और निगरानी में जेल भेज दिया.

पोस्टमार्टम और जांच में हत्या का मामला आया सामने

पुलिस निरीक्षक के अनुसार 25 नवंबर 2024 को डाक कर्मी चंचला कुमारी की उसके घर में ही माता-पिता और भाई ने कथित रूप से हत्या कर दी थी. घटना के बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किये जाने की बात सामने आयी थी. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का पाया गया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की.

मामले में मृतका के पिता बच्चनदेव चौहान, मां अनीता देवी और भाई शुभम कुमार को आरोपी बनाया गया था. घटना के बाद तीनों घर छोड़कर फरार चल रहे थे. पुलिस ने पिछले दिनों आरोपी मां अनीता देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अब पिता ने भी सरेंडर कर दिया है.

फरार भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

मामले में मृतका के भाई शुभम कुमार की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

मंदिर में शादी के बाद सामाजिक विवाह की थी तैयारी

जानकारी के अनुसार चंचला कुमारी डाक विभाग में बीपीएम के पद पर गया जिले के शेरघाटी में कार्यरत थी. इसी दौरान उसका प्रेम संबंध नगर थाना क्षेत्र के कारे गांव निवासी राहुल कुमार से हुआ. दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी. इसकी जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने दोनों को सामाजिक रूप से शादी कराने का भरोसा दिलाया था.

परिजनों के आश्वासन के बाद चंचला और राहुल तैयार हो गये. इसके बाद परिवार की ओर से शादी की तैयारी शुरू कर दी गयी और शादी के कार्ड भी बांटे जाने लगे थे. दोनों की सामाजिक शादी 4 दिसंबर 2024 को होनी थी. लेकिन शादी से पहले ही 25 नवंबर को चंचला की उसके परिजनों ने कथित रूप से हत्या कर दी.

राहुल को भी मामले में फंसाने का किया गया था प्रयास

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी राहुल कुमार को भी हत्या के मामले में फंसाने का प्रयास किया था. पुलिस की जांच में राहुल की हत्या में संलिप्तता नहीं पायी गयी और वह निर्दोष निकला.

एसपी हिमांशु के आश्वासन के बाद हुई गिरफ्तारी

पीड़ित राहुल कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वह लगातार अधिकारियों और विभिन्न कार्यालयों का चक्कर लगाता रहा, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उसके अनुसार नये एसपी हिमांशु के योगदान के बाद मिले आश्वासन के बाद इस मामले में एक सप्ताह के अंदर मृतका की मां और पिता की गिरफ्तारी हुई.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन