‘अराजकता’ और देशविरोधी नारेबाजी के खिलाफ सड़क पर BJP, मंगलवार को संघ का प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी.
BJP ABVP Protest March Anarchy NEET Violence: NEET परीक्षा पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और 'आजादी' के नारों के खिलाफ कोलकाता में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) सोमवार को एक विशाल विरोध मार्च निकाल रही है, इसके एक दिन बाद संघ परिवार के संगठन भी सड़कों पर उतरेंगे.
BJP ABVP Protest March Anarchy NEET Violence: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपना आंदोलन जरूर वापस ले लिया, लेकिन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है. शुक्रवार को वामपंथी छात्र संगठनों और प्रदर्शनकारियों के ‘छात्र आंदोलन’ के दौरान हुए उपद्रव, पत्रकारों पर जानलेवा हमले और ‘आजादी’ के नारों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सोमवार (27 जुलाई) को विशाल विरोध मार्च निकालने जा रही है.
सियालदह से धर्मतला तक पैदल मार्च
दोपहर 3 बजे उत्तर कोलकाता जिला बीजेपी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सियालदह स्टेशन परिसर में एकत्र होंगे. यहां से पैदल मार्च करते हुए धर्मतला पहुंचेंगे. उत्तर कोलकाता जिला बीजेपी अध्यक्ष तमघ्न घोष ने यह जानकारी दी है. उन्होंने कहा- हम लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण आंदोलनों का स्वागत करते हैं, लेकिन छात्र आंदोलन के नाम पर कोलकाता की सड़कों पर अराजकता फैलाने और ‘आजादी’ के नारे लगाने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती. हम इस अराजकता के खिलाफ सड़कों पर उतर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: कोलकाता प्रदर्शन में हिंसा के पीछे इस्लामी कट्टरपंथी और विदेशी ताकतें, नंदीग्राम में बोले शुभेंदु अधिकारी
हिंसा के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का कड़ा रुख
शुक्रवार (24 जुलाई) को नीट (NEET) प्रश्नपत्र लीक के विरोध में सियालदह से धर्मतला तक निकाले गये जुलूस के दौरान उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जूते और बोतलों से हमला किया था. इस दौरान कई पत्रकारों और महिला मीडियाकर्मियों के साथ बदसलूकी हुई. उनके साथ मारपीट की गयी थी. घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घायल पत्रकारों से मिलने एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल गये थे. उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था. कोलकाता पुलिस ने इस मामले में अब तक 14 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें: NEET-2026 पेपर लीक आंदोलन : पीएम मोदी की तस्वीर का अपमान करने के आरोप में 1 गिरफ्तार
मंगलवार को संघ परिवार का ‘शिक्षा संस्कृति सुरक्षा’ मार्च
इसके एक दिन बाद मंगलवार को शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय संघ परिवार के संगठन सड़कों पर उतरेंगे. ‘शिक्षा संस्कृति सुरक्षा मंच’ के बैनर तले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM), भारतीय शिक्षण मंडल (BSM), विद्या भारती और इतिहास संकलन समिति जैसे आधा दर्जन संगठन शक्ति प्रदर्शन करेंगे.
हावड़ा और सियालदह में 12 बजे शुरू होगा जुटान
मंगलवार दोपहर 12 बजे से हावड़ा और शियालदह दोनों स्टेशनों के बाहर कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू होगा. दोपहर 1 बजे दोनों तरफ से रैलियां निकलकर धर्मतला के डोरिना क्रॉसिंग पर खत्म होंगी, जहां एक जनसभा का आयोजन किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: भागी-भागी पद्मपुकुर पहुंचीं ममता बनर्जी, कहा- पुलिस ने मुझ पर हमला किया, जानें पूरा मामला
राष्ट्रविरोधी और अराजक तत्वों के खिलाफ संदेश यात्रा : ABRSM
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के नेता बापी प्रमाणिक ने कहा कि छात्रों की वास्तविक चिंताओं के प्रति हमारी पूरी सहानुभूति है, लेकिन आंदोलन की आड़ में जिस तरह देशविरोधी नारे लगाये गये, भाषाई मर्यादा तोड़ी गयी और भारतीय संस्कृति का अपमान किया गया, उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. राष्ट्रविरोधी और अराजक तत्वों को शिक्षा व्यवस्था पर हावी होने से रोकने के लिए हम यह संदेश यात्रा निकाल रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










