शेखपुरा में कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, नीट आंदोलन में मृत 21 छात्रों को दी श्रद्धांजलि; परिजनों को एक-एक करोड़ मुआवजे की मांग
Sheikhpura Congress Tribute : नीट पेपर लीक मामले को लेकर शेखपुरा कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकालकर मृत 21 छात्रों को श्रद्धांजलि दी. कांग्रेस ने मृतक छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई.
Sheikhpura Congress Tribute : नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान पुलिसिया कार्रवाई एवं 21 छात्रों के सुसाइड की घटना को लेकर शेखपुरा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था. इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटेल चौक स्थित टाउन हॉल के समीप कैंडल जलाकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई.
शिक्षा बजट में कटौती का लगाया आरोप
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितेंद्र नाथ ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक देश की जीडीपी का लगभग 4.5 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च किया जाता था, जो अब घटकर करीब 2.6 प्रतिशत रह गया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा बजट में कटौती कर केंद्र सरकार देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है और भाजपा तथा आरएसएस शिक्षा के बजाय धर्म और सांप्रदायिकता के आधार पर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं.
गृह मंत्री के इस्तीफे और प्रधानमंत्री से माफी की मांग
जितेंद्र नाथ ने कहा कि धर्म प्रत्येक व्यक्ति का निजी विषय है, लेकिन शिक्षा की कीमत पर ऐसी राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती. उन्होंने जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस बर्बरता का विरोध जताया और नीट परीक्षा कैंसल होने से 21 छात्रों की सुसाइड के कारण हुई मौत पर गहरा दुख जताया.
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर है और उनसे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आंदोलनकारी छात्रों को देशद्रोही बताने और आंदोलन को पाकिस्तान-चीन से जोड़ने के मामले में सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की.
मृतक छात्रों के परिजनों के लिए एक-एक करोड़ मुआवजे की मांग
जिलाध्यक्ष आनंदी यादव ने मृतक छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की. इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में युवा नेता राहुल कुमार, पिंटू कुमार, श्रवण सिंह, दीपक सिंह, गोरेलाल कुशवाहा, प्रमोद यादव, विकास चंद्रवंशी, अफसर खान, दानी प्रसाद, कुणाल कुमार, मुन्ना सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read : शेखपुरा में वर्षों पुराना विवाद में गोतिया के बीच चले लाठी-डंडे और रॉड, अस्पताल में भर्ती घायल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए