कला संगम में शेखपुरा जेएनवी की सलोनी ने जीता प्रथम स्थान, कैमूर का लोक नृत्य में दबदबा
सामूहिक शास्त्रीय गण में शामिल बच्चे
पटना क्लस्टर के 20 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 400 छात्र-छात्राओं ने कला संगम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. एकल शास्त्रीय नृत्य में सलोनी कुमारी अव्वल रहीं, जबकि कैमूर के लोक नृत्य ने बाजी मारी. यह आयोजन शिक्षा में कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
Navodaya Vidyalaya Kala Sangam : जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में पटना कलस्टर के 20 जवाहर नवोदय विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं का कला संगम बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. प्रतियोगिता के दौरान युवा कलाकारों ने शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, गीत, संगीत, वादन और गायन समेत विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
एकल शास्त्रीय नृत्य में शेखपुरा की सलोनी अव्वल
एकल शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में शेखपुरा जवाहर नवोदय विद्यालय की सलोनी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया. जवाहर नवोदय विद्यालय कैमूर की प्रिया कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया. वहीं, गया की सौम्या अपराजिता और शिवहर की अभिलाषा कुमारी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं.
सामूहिक लोक नृत्य में कैमूर ने मारी बाजी
जनजातीय क्षेत्रीय सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता में कैमूर जवाहर नवोदय विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. शेखपुरा को दूसरा स्थान मिला, जबकि पश्चिमी चंपारण और नालंदा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे. प्रतियोगिता के अन्य इवेंट्स का आयोजन भी जारी है.
कलाकारों ने बटोरीं खूब तालियां
कला संगम का आयोजन शिक्षा में कला विषय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है. मंगलवार से ही पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है. बहुउद्देशीय सभागार में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं. शास्त्रीय नृत्य, गीत, संगीत, वादन और गायन जैसी विधाओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
डीएम ने किया था रंगारंग उद्घाटन
मंगलवार को जिलाधिकारी शेखर आनंद ने कला संगम का रंगारंग उद्घाटन किया था. युवा कलाकारों का हुनर देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं. इसके अलावा संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विभिन्न गणमान्य लोगों को निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया है.
आयोजन में जुटे विद्यालय के शिक्षक
स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार के साथ शिक्षक ममता कुमारी, अमित कुमार सहित विद्यालय के अन्य कर्मी आयोजन की व्यवस्था में जुटे हुए हैं. कलाकारों और अतिथियों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी विद्यालय की टीम संभाल रही है.
नौबतपुर में 8 हजार रुपये रिश्वत लेते आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार, निगरानी टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए