Giridih News :झामुमो ने निर्धारित किया है दिसंबर तक 50 हजार नये सदस्य बनाने का लक्ष्य

Giridih News :जिला झामुमो ने सांगठनिक विस्तार की कवायद तेज कर दी है. इसके तहत एक ओर जहां गिरिडीह शहरी क्षेत्र में झामुमो को मजबूत करने की रणनीति बनायी गयी है, वहीं दूसरी ओर प्रखंड स्तर पर भी संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया है.
संगठन का विस्तार करने के साथ-साथ राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश संगठन से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों को दी गयी है. झामुमो ने गिरिडीह जिले में दिसंबर माह तक 50 हजार नये सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. प्रत्येक प्रखंड में कम से कम दो हजार नये सदस्यों को पार्टी से जोड़ने की बात कही गयी है.
प्रखंड अध्यक्षों को दिये गये हैं निर्देश
प्रखंड अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने प्रखंडों में न्यूनतम दो हजार और अधिकतम जो भी हो सके, उतने सदस्यों को पार्टी से जोड़ें. सदस्यता अभियान पर जोर देते हुए इसमें तेजी लाने को कहा गया है. वहीं गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के हरेक वार्डों में कम से कम 100 नये सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसकी कोई अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की गयी है. आने वाले दिनों में नगर निगम चुनाव की संभावना को देखते हुए झामुमो ने अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी है. इसके लिए झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने नगर कमेटी को कई निर्देश दिये हैं. इस निर्देश के आलोक में नगर कमेटी अभियान चला रही है लेकिन गति तेज नहीं हो पाई है. गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भाजपा को साधने के लिए झामुमो ने कार्ययोजना तैयार कर रखा है. जाहिर है इस कार्य में नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले झामुमो नेताओं को अपनी अहम भूमिका निभानी होगी.
छठ पर्व के बाद कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रशिक्षण
झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि दिसंबर माह तक 50 हजार नये सदस्य बनाये जायेंगे. सदस्यता अभियान की समय-समय पर समीक्षा की जायेगी. श्री सिंह ने बताया कि महापर्व छठ के बाद विधानसभा स्तर पर झामुमो कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा. इस प्रशिक्षण वर्ग में हेमंत सोरेन सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जायेगी. साथ ही भाजपा की कारस्तानी का मुहंतोड़ जवाब देने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया जायेगा. झामुमो कार्यकर्ताओं को पार्टी का स्टैंड बताया जायेगा, ताकि वह भाजपा पर पलटवार कर सके. श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भाजपा समाज में जहर घोलने का काम कर रही है. भाजपा को उसके मंसूबे पर कामयाब नहीं होने दिया जायेगा.जिला बीस सूत्री प्रभारी मंत्री का चयन नहीं होने से बैठक प्रभावित
झामुमो जिलाध्यक्ष सह जिला 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि जिला बीस सूत्री प्रभारी मंत्री का चयन नहीं होने के कारण जिलास्तर पर बैठक नहीं हो पा रही है. समिति में अध्यक्ष प्रभारी मंत्री होते हैं. उम्मीद है कि जल्द जिला बीस सूत्री प्रभारी मंत्री के नाम की घोषणा हो जायेगी. इसके बाद जिलास्तर पर जिला बीस सूत्री की बैठक नियमित रूप से हो पायेगी. श्री सिंह ने बताया कि उपचुनाव में प्रचार-प्रसार को लेकर गिरिडीह जिले से करीब पांच दर्जन नेता व प्रमुख कार्यकर्ता घाटशिला जायेंगे. इसकी सूची तैयार की जायेगी. उन्होंने दावा किया कि घाटशिला में झामुमो की जीत तय है. सिर्फ औपचारिकता बाकी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




