Giridih News :औषधीय गुणों ने आकर्षण का केंद्र बनाया बदडीहा झरना को
Giridih News :बदडीहा गांव में स्थित एक प्राकृतिक झरना इन दिनों ना सिर्फ कौतूहल का विषय बना हुआ है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए लाइफलाइन बन चुका है. नदी के बीचों-बीच से निकलने वाले इस झरने का पानी 24 घंटे बहता रहता है, जिसका रहस्य आज तक कोई नहीं जान पाया है.
आधुनिक दौर में जहां लोग पानी को शुद्ध करने के लिए महंगे आरओ फिल्टर का इस्तेमाल करते हैं, वहीं, बदडीहा के लोग इस प्राकृतिक झरने के पानी को उससे कहीं बेहतर मानते हैं. ग्रामीणों का दावा है कि इस झरने का पानी पीने से पेट की गैस, अपच और एसिडिटी जैसी बीमारियां दूर हो जाती हैं. इस पानी से बना खाना बेहद स्वादिष्ट होता है और बहुत जल्दी पच जाता है. यही वजह है कि अब शहर से भी लोग बोतल और बाल्टियां लेकर यहां पानी भरने पहुंच रहे हैं. मौसम के विपरीत बदलता है पानी का तापमान स्थानीय शिवम शर्मा, उदय विश्वकर्मा, सुरेश मंडल, सुरेश साव समेत अन्य ने बताया कि इस झरने की सबसे हैरान कर देने वाली खासियत इसका तापमान है, मौसम के ठीक विपरीत रहता है. कड़कड़ाती ठंड में इस झरने से गुनगुना (गर्म) पानी निकलता है, जिससे लोगों को ठंड में बड़ी राहत मिलती है. भीषण गर्मी में जब पारा आसमान छू रहा होता है, तब इस झरने से फ्रिज जैसा ठंडा पानी बहता है. गर्मी के दिनों में यहां पानी भरने वालों की लंबी कतारें लग जाती है. बदडीहा गांव की लाइफलाइन यह झरना पूरे गांव की प्यास बुझा रहा है. पीने और खाना बनाने से लेकर दैनिक जीवन के हर काम में इसी पानी का उपयोग होता है. पहले यह पानी सीधे पत्थरों से गिरता था, लेकिन ग्रामीणों ने अपनी सुविधा के लिए इसमें एक पाइप लगा दिया है ताकि पानी आसानी से भरा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










