Giridih News :बहेरवाबांक की पानी टंकी दो माह से बंद, चुआं का पानी बना सहारा

Edited by PRADEEP KUMAR
Updated:
विज्ञापन

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल जल योजना तिसरी प्रखंड के चंदौरी पंचायत में पूरी तरह फेल हो गयी है. इससे लोग दो माह से परेशान हैं.

विज्ञापन

वर्ष 2020-21 में लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से बहेरवाबांक में बनी पानी टंकी पिछले दो महीने से बंद पड़ी है. इससे चंदौरी, मोदीबीघा, नईटांड़ व बहेरवाबांक के लोग गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं. लोग पानी के लिए परेशान हैं, वहीं संबंधित विभाग चुप है.

क्या कहते हैं ग्रामीण

ग्रामीण सुगिया देवी, सचदेव दास, मातू दास, छोटू दास, शंकर साव, बासुदेव साव, रूबी देवी, कुलदीप दास, प्रमिला देवी आदि ने कहा कि चंदौरी पंचायत के उक्त चार गांवों में वर्षों से पेयजल की घोर समस्या थी. ग्रामीणों की मांग पर बहेरवाबांक की छोटी पहाड़ी पर वर्ष 2021 में एक बड़ी पानी टंकी का निर्माण किया गया. उक्त सभी गांवों में पानी की सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछायी और पानी की सप्लाई चालू हुई. कहा कि पेयजल आपूर्ति के बदले हम लोगों से हर महीने 70 रुपये वसूला जाता रहा. इसके बावजूद दो महीने से घरों में पानी की एक बूंद नहीं आयी है, और जब पानी चालू करने को कहते हैं तो मुंशी कहता है कि मुखिया बोलेंगी तभी पानी चलेगा. ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी योजना को व्यक्तिगत मर्जी से चलाया जा रहा है और जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है. वहीं, इस भीषण गर्मी में पानी की सप्लाई नहीं होने से हम लोगों को भारी परेशानी हो रही है.

बीडीओ को दिया गया आवेदन

दो दिन पूर्व ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल बीडीओ मनीष कुमार को आवेदन भी दिया. आवेदन में 287 ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं. ग्रामीणों ने लिखा कि भीषण गर्मी से सभी कुएं सूख चुके हैं. लोग नदी में चुआं खोदकर गंदा और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने बीडीओ से अविलंब उक्त पानी टंकी से पानी की सप्लाई चालू करवाने की मांग की है. बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया और कहा कि जल्द ही संबंधित विभाग से इस बाबत कहा जायेगा और किसी भी तरह से पानी की सप्लाई चालू करवाने का प्रयास किया जायेगा.

लो वोल्टेज के कारण मोटर नहीं चल रहा : मुखिया

इधर, चंदौरी पंचायत की मुखिया आशा देवी ने कहा कि पानी की सप्लाई नियमित हो रही थी, लेकिन एक माह पूर्व मोटर खराब होने से पानी की सप्लाई बंद हो गयी. मोटर को निजी खर्च से बनवाया गया, लेकिन अब वोल्टेज कम रहने के कारण मोटर नहीं चल रहा है. इसके कारण पानी की सप्लाई बंद है. जब तक वोल्टेज ठीक नहीं होगा, तब तक यह समस्या रहेगी. कहा कि वैसे समस्या समाधान का प्रयास किया जा रहा है.

क्या कहते हैं पेयजल व स्वच्छता विभाग के एई

पेयजल व स्वच्छता विभाग शिवाशीष दास ने कहा कि विभाग का काम टंकी का निर्माण कर सारी तकनीकी कार्यों को करना है. योजना पूरी कर मुखिया को सौंप दिया गया है. मेंटेनेंस समेत अन्य कार्य मुखिया को कराने हैं. वैसे वोल्टेज कम होने की बात संज्ञान में आयी है. शीघ्र ही विद्युत विभाग से संपर्क कर समस्या का हल करवाया जायेगा.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola