Giridih News: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोकआस्था का महापर्व छठ संपन्न
Published by : MAYANK TIWARI Updated At : 28 Oct 2025 11:50 PM
Giridih News: लोक आस्था और सूर्य देव की आराधना का महापर्व छठ पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति और उमंग के साथ मंगलवार को धूम धाम से संपन्न हो गया. चार दिनों तक चले इस पर्व में जिले भर के छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सोमवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर मंगलवार की सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने तक पूरा गिरिडीह जिला छठमय दिखाई दिया. घाटों पर गूंजते छठ गीत, रंगबिरंगी रौशनी, सजे हुए घाट और सुरक्षा व्यवस्था ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया.
सोमवार की शाम व्रतियों ने डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया. शहरी क्षेत्र के अरगाघाट, दीनदयाल छठ घाट, सिहोडीह छठ घाट, शिव शक्ति घाट, बरगंडा आमघाट, शास्त्री नगर स्थित अमित बरदियार छठ घाट, प्रोफेसर कॉलोनी घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. व्रतियों ने दूध, जल और छठ प्रसाद के साथ सूर्य देव की पूजा-अर्चना की और भगवान भास्कर से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. छठ पूजा की शुरुआत शनिवार को नहाय-खाय से हुई थी. इसके अगले दिन रविवार को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसके उपरांत व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास आरंभ किया. उपवास और पूजा के दौरान व्रतियों की आस्था, संयम और संकल्प का अद्भुत स्वरूप देखने को मिला. सोमवार की शाम घाटों पर श्रद्धा का दृश्य देखते ही बन रहा था. छठ गीतों की धुन, प्रसाद की सुगंध और सजावट की सुंदरता ने घाट क्षेत्रों को पारंपरिक आस्था के त्योहार का जीवंत स्वरूप प्रदान किया. शहर के कई घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसने माहौल को और अधिक गरिमामय बना दिया. इसी क्रम में झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भी शहर के विभिन्न घाटों पर पहुंचे सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
छठ पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम और विभिन्न पूजा समितियों की ओर से घाटों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था, रस्सी बैरिकेडिंग, पीने के पानी की सुविधा और अन्य जरूरी इंतज़ाम किए गए. कई छठ घाटों को रंग-बिरंगी विद्युत सजावट और स्वागत द्वार बनाकर आकर्षक रूप दिया गया, जिससे पूरा माहौल छठमय दिखा. सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखा. पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी और लगातार पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई थी. छठ महापर्व के दौरान डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. बिमल कुमार और एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते स्वयं कई घाटों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते रहे. इसके साथ ही सिटी डीएसपी नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार भी पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहे. पुलिस टीम लगातार घाटों पर गश्त करती रही.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










