Giridih News :खराब मौसम के बीच डटे रहे आइसा व आरवाइए के सदस्य
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 29 May 2026 10:24 PM
नीट परीक्षा पेपर लीक, झारखंड के विश्वविद्यालयों में क्लस्टर सिस्टम को समाप्त करने तथा सीबीएसई की परीक्षा में हो रही धांधली को रोकने को लेकर शुक्रवार को भाकपा माले के सहयोगी आरवाइए-आइसा के कार्यकर्ताओं ने सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग को बिरनी प्रखंड मुख्यालय के पास जाम कर दिया.
इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की गयी. नेतृत्व आरवाइए के प्रखंड सचिव सूर्यदेव तुरी व राजकिशोर बैठा कर रहे थे. भारी बारिश के बावजूद सड़क जाम में संगठनों के सदस्य डटे रहे. आरवाइए के राष्ट्रीय परिषद सदस्य राजेश विश्वकर्मा, राज्य परिषद सदस्य सीताराम पासवान, इम्तियाज अली ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार अनियमितता बढ़ रही है. पेपर लीक की घटना से छात्रों का भविष्य खराब हो रहा है. छात्रों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नाराजगी है. सरकार यदि छात्रों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं करती है, तो आंदोलन और तेज होगा. आरवाइए के प्रखंड अध्यक्ष श्रीराम यादव, अशोक मंडल, सीताराम पंडित, गोपाल पंडित, अर्जुन साव, साहेब अली, राहुल पासवान, विजय राय, रंजीत बैठा, नारायण यादव, वरुण यादव, शंकर दास समेत अन्य शामिल थे.
गावां थाना मोड़ पर सड़क जाम कर जताया विरोध
गावां थाना मोड़ पर शुक्रवार को आरवाइए के बैनर तले दर्जनों युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. अध्यक्षता आरवाइए के प्रखंड अध्यक्ष अकलेश यादव व संचालन प्रखंड सचिव आनंदी यादव ने किया. वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन पर गलत टिप्पणी की जा रही है. प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की. मौके पर भाकपा माले प्रखंड सचिव सकलदेव यादव, आरवाइए जिला सचिव अशोक मिस्त्री, गणेश यादव, अमित बरनवाल, नागेश्वर यादव, संजय दास, उपेंद्र यादव, रंजीत यादव, सुधीर भुइयां सहित अन्य थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










