CM हेमंत सोरेन का कड़ा एक्शन, जलस्रोतों पर अतिक्रमण करने वालों पर दर्ज होगी FIR, टूटेंगे अवैध मकान

Published by : Sameer Oraon Updated At : 29 May 2026 9:10 PM

विज्ञापन

बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, साथ में हैं मंत्री सुदिव्य सोनू, Pic Credit- X

Hemant Soren: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नगर विकास विभाग की समीक्षा करते हुए जलस्रोतों से अतिक्रमण हटाने, अतिक्रमणकारियों पर FIR दर्ज करने और रांची रिंग रोड पर सोलर पैनल लगाने का निर्देश दिया है. कांके डैम की घेराबंदी होगी और 15 दिनों में सोलर प्रोजेक्ट का प्रस्ताव कैबिनेट जाएगा.

विज्ञापन

रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट

Hemant Soren, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की अद्यतन कार्य प्रगति की एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक की. मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए और शहरी विकास के साथ नागरिक सुविधाओं में भी गुणात्मक सुधार दिखना चाहिए. सीएम ने स्मार्ट सिटी, सीवरेज प्लांट और बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई आला अफसर मौजूद रहे.

जलस्रोतों पर अतिक्रमण करने वालों पर दर्ज होगी FIR

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची समेत राज्य के विभिन्न शहरों से गुजरने वाली नदियों, तालाबों, डैमों और नालियों पर हुए अतिक्रमण को पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बताया. उन्होंने अवैध निर्माणों को तत्काल चिह्नित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. सीएम ने साफ कहा कि अतिक्रमण कर बनाए गए घरों और संरचनाओं का सर्वे कराया जाए, उन्हें नोटिस जारी हो और यदि फिर भी अतिक्रमण नहीं हटता है, तो सीधे प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाए. इस मामले में किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी.

Also Read: झारखंड में 22,200 राशन दुकानदारों का 13 महीने का कमीशन बकाया, DSO को सरकार ने दिया अल्टीमेटम

कांके डैम के कैचमेंट एरिया की होगी मापी और घेराबंदी

रांची की लाइफलाइन माने जाने वाले कांके डैम के अस्तित्व को बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक ठोस और विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है. इसके तहत निम्नलिखित कड़े कदम उठाए जाएंगे.

  • कांके डैम में सीधे गिरने वाले गंदे नालों को तत्काल बंद कराया जाएगा.
  • डैम के पूरे कैचमेंट एरिया (जलग्रहण क्षेत्र) की प्रशासनिक मापी कर उसकी कटीली तारों या बाउंड्री से घेराबंदी की जाएगी.
  • शहरी क्षेत्रों के सभी घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.

रिंग रोड पर लगेंगे सोलर पैनल

ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ा फैसला लेते हुए रांची सहित राज्य के सभी रिंग रोड क्षेत्रों में सोलर पैनल स्थापित कर सौर ऊर्जा प्रणाली विकसित करने का निर्देश दिया है. रिंग रोड के किनारे सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी. सीएम ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट से स्वीकृति लेने का अल्टीमेटम दिया है. इसके साथ ही रिंग रोड क्षेत्र में जलापूर्ति और सीवर लाइन की आधारभूत संरचना भी विकसित की जाएगी.

कचरे के पहाड़ (झिरी लेगेसी वेस्ट) का होगा स्थायी खात्मा

रांची के झिरी में स्थित कचरे के विशाल पहाड़ के निस्तारण को मुख्यमंत्री ने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा. उन्होंने आधुनिक और उन्नत वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से इस लेगेसी वेस्ट का स्थायी समाधान निकालने का निर्देश दिया. उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें, ताकि जैविक कचरे से ऊर्जा और जैविक खाद का उत्पादन हो सके और प्लास्टिक जैसे अन्य कचरे का पुनर्चक्रण (Recycling) किया जा सके.

हर अपार्टमेंट और सोसाइटी में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य

भू-जल स्तर को सुधारने और जल संकट से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों के सभी घरों, आवासीय परिसरों, बहुमंजिला अपार्टमेंट्स, होटलों और बड़ी सोसाइटियों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट व्यवस्था को कड़ाई से लागू करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इसके लिए जनभागीदारी बढ़ाई जाए और प्रदूषण नियंत्रण के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए.

मानसून से पहले पेड़ों की ट्रिमिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं में किसी भी तरह की लेट-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली को मजबूत कर सभी योजनाओं की नियमित ट्रैकिंग का निर्देश दिया. साथ ही, आगामी बरसात से पहले शहरों में जलजमाव (Waterlogging) की समस्या का स्थायी समाधान निकालने, स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त रखने और सड़क किनारे लगे पेड़ों की ट्रिमिंग कराने को कहा ताकि आंधी-पानी में दुर्घटनाएं न हों. बैठक के दौरान सीएम ने ऑनलाइन माध्यम से राजमहल, साहिबगंज और धनबाद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की भी समीक्षा की.

Also Read: जलडेगा में भैया बन गया मंईयां, खाते में डलवाया मंईयां सम्मान योजना के 30000 रुपये

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola