बैरकपुर में भाजपा नेता कौस्तव बागची के घर बम से हमले की धमकी, 6 संदिग्ध हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

भाजपा विधायक कौस्तव बागची.

West Bengal Crime News: उत्तर 24 परगना के बैरकपुर में भाजपा नेता कौस्तव बागची के घर पर जान से मारने की धमकी देने और बमबारी की साजिश का मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने फोन कर हाल जाना और पुलिस ने 6 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

विज्ञापन

West Bengal Crime News: उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता कौस्तव बागची के घर पर बुधवार रात हमले की साजिश रचने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक ही बाइक पर सवार होकर आये 3 बदमाशों ने उनके घर के सामने आकर बमबारी और गोलीबारी करने की धमकी दी, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मौके से फरार हो गये.

विज्ञापन

सीएम ने किया कौस्तव को फोन, 6 लोगों से हो रही पूछताछ

घटना के वक्त कौस्तव बागची घर पर मौजूद नहीं थे. घर लौटने के बाद उन्होंने तुरंत टीटागढ़ थाने में शिकायत दर्ज करायी. घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कौस्तव बागची को फोन कर उनका हाल-चाल जाना और पूरी घटना की जानकारी ली. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि

कौस्तव बागची ने बताया कि रात के अंधेरे में एक बाइक पर सवार 3 संदिग्ध उनके घर के बाहर कई बार चक्कर लगाते दिखे. परिजनों और आसपास के लोगों को डराने की नीयत से बदमाशों ने ‘देख लेने’, ‘घर पर बम फेंकने’ और ‘गोली मारने’ जैसी धमकियां दीं. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गयी है.

‘अपराधिक पृष्ठभूमि वाले नेताओं को पार्टी में एंट्री न देने पर रची साजिश’

कौस्तव बागची ने इस घटना के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाते हुए बैरकपुर नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन व टीएमसी नेता उत्तम दास समेत कुछ स्थानीय नेताओं का नाम लिया है. उन्होंने कहा कि तृणमूल के कुछ ऐसे नेता हैं, जिन पर भाजपा नेता मनीष शुक्ला की हत्या में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं. वे भाजपा में शामिल होना चाहते हैं. हमारी पार्टी के भी कुछ लोग उन्हें लाने के लिए उतावले हैं. मैं ऐसी आपराधिक छवि वाले लोगों की एंट्री के रास्ते में रोड़ा बना हुआ हूं. इसीलिए मुझे और मेरे परिवार को डराने के लिए यह सब किया जा रहा है. उन्होंने कहा- जब तक मैं हूं, ऐसे लोगों को पार्टी में शामिल नहीं होने दूंगा.

टीटागढ़ पुलिस ने शुरू की जांच

टीटागढ़ थाना पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. अब तक 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने कहा कि धमकी देने वाले अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola