नेत्रदान जागरूकता के लिए 30 अगस्त को रांची में ‘ब्लाइंडफोल्ड मैराथन’, सीएम हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि

Updated:
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन का आमंत्रण देने पहुंचीं कश्यप मेमोरियल आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ भारती कश्यप. फोटो: प्रभात खबर

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन का आमंत्रण देने पहुंचीं कश्यप मेमोरियल आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ भारती कश्यप. फोटो: प्रभात खबर

रांची 30 अगस्त 2026 को नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 'ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन' का आयोजन कर रहा है. इस अनूठी दौड़ में प्रतिभागी आंखों पर पट्टी बांधकर दृष्टिबाधितों की चुनौतियों को अनुभव करेंगे.

विज्ञापन

Blind Folded Run For Vision 2026: झारखंड की राजधानी रांची में नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 30 अगस्त 2026 को एक बार फिर ऐतिहासिक 'ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन 2026' का आयोजन किया जाएगा. आई डोनेशन अवेयरनेस क्लब, कश्यप मेमोरियल आई बैंक और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस विशेष दौड़ की आधिकारिक घोषणा गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री के आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने अभियान का औपचारिक शुभारंभ करते हुए इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

30 अगस्त को सुबह सात बजे होगी ब्लाइंड फोल्डेड रन

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 30 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजे राजधानी रांची में इस अनूठी जागरूकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि नेत्रदान के महत्व को समाज तक पहुंचाने का एक व्यापक सामाजिक अभियान है, जिसमें आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.

20 वर्षों से लोगों को जागरूक कर रही है 'रन फॉर विजन'

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पिछले दो दशकों से 'रन फॉर विजन' और 'ब्लाइंड फोल्डेड रन' का आयोजन लगातार किया जा रहा है. इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रतिभागियों की आंखों पर कुछ समय के लिए पट्टी बांधकर उन्हें दृष्टिबाधित लोगों के जीवन की चुनौतियों का अनुभव कराया जाता है. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति कुछ समय के लिए भी बिना देखे चलने या दौड़ने का प्रयास करता है, तब उसे एहसास होता है कि दृष्टिहीन लोगों का दैनिक जीवन कितना चुनौतीपूर्ण होता है. यही अनुभव लोगों में नेत्रदान के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है.

डॉ. भारती कश्यप के योगदान की सराहना

स्वास्थ्य मंत्री ने कश्यप मेमोरियल आई बैंक की 35 वर्षों की यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. भारती कश्यप और डॉ. बी.पी. कश्यप ने झारखंड में नेत्रदान आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है. उन्होंने बताया कि वर्ष 1996 में इस चिकित्सक दंपति ने झारखंड का पहला सफल नि:शुल्क कॉर्निया प्रत्यारोपण किया था. इसके बाद वर्ष 1999 में डॉ. भारती कश्यप ने हैदराबाद स्थित एल.वी. प्रसाद आई इंस्टीट्यूट से कॉर्निया प्रत्यारोपण का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया और राज्य में कॉर्निया को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए एमके मीडियम की सुविधा उपलब्ध कराई. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि झारखंड में नेत्र प्रत्यारोपण सेवाओं के विस्तार की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई.

1089 लोगों की जिंदगी में लौटी रोशनी

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉ. कश्यप दंपति के प्रयासों से अब तक 1089 लोगों की आंखों की रोशनी वापस लाई जा चुकी है. उन्होंने इसे चिकित्सा सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को भी समाज सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा. साथ ही उन्होंने राज्य के सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की.

41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े में मिलेगा विशेष संदेश

कश्यप मेमोरियल आई बैंक की मेडिकल डायरेक्टर डॉ भारती कश्यप ने बताया कि 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पहले से अधिक व्यापक रूप में आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से अभियान को नई ऊर्जा मिली है. इससे राज्य के अधिक से अधिक लोगों तक नेत्रदान का संदेश पहुंचाने में मदद मिलेगी. डॉ कश्यप ने बताया कि इस दौड़ में बड़ी संख्या में बच्चे भी भाग लेंगे. विशेष बात यह होगी कि कई बच्चे आंखों पर पट्टी बांधकर दौड़ेंगे, जबकि उनके साथ खुले आंखों वाले बच्चे उनका हाथ पकड़कर उनका मार्गदर्शन करेंगे.

इसे भी पढ़ें: धनबाद के बनगड़िया नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र के साथ रैगिंग, अस्पताल में भर्ती

समाज को संवेदनशील बनाने का अभियान

डॉ भारती कश्यप ने कहा कि 'ब्लाइंड फोल्डेड रन फॉर विजन' केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज को दृष्टिहीनता के दर्द का एहसास कराने का एक अनूठा माध्यम है. यह कार्यक्रम लोगों को यह सोचने के लिए प्रेरित करता है कि मृत्यु के बाद नेत्रदान कर किसी अन्य व्यक्ति के जीवन में उजाला लाया जा सकता है. उन्होंने सभी नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से इस अभियान में शामिल होकर नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कश्यप मेमोरियल आई बैंक और आई डोनेशन अवेयरनेस क्लब ने संयुक्त रूप से लोगों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि झारखंड को अंधत्व मुक्त बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम उठाया जा सके.

इसे भी पढ़ें: मालगाड़ी के कोयले में लगी आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा; चंद्रपुरा की जगह केटीपीएस भेजी गई ट्रेन


विज्ञापन
कुमार विश्वत सेन

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola