रांची: परीक्षा का फॉर्म भरकर लौट रहे पुलिसकर्मी के बेटे को 7 युवकों ने पीटा, कोकर-लालपुर रोड जाम

मारपीट के बाद घटना स्थल पर लगी लोगों की भीड़
Ranchi Crime News: रांची के कोकर-लालपुर रोड पर होटल माहेश्वरी के पास कार और बाइक की टक्कर के बाद 7 युवकों ने एक पुलिसकर्मी के बेटे रितेश को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया. घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने ढाई घंटे तक सड़क जाम रखी. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
Ranchi Crime News, रांची : रांची अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के कोकर-लालपुर रोड स्थित होटल माहेश्वरी के पास सरेआम मारपीट की एक खौफनाक वारदात सामने आई है. एक कार और मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर के बाद कार सवार करीब सात युवकों ने एक बाइक सवार युवक को सड़क पर बेरहमी से दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया. लहूलुहान घायल युवक की पहचान चुन्ना भट्ठा निवासी रितेश के रूप में की गई है, जिसके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं. घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने कोकर-लालपुर मुख्य मार्ग को करीब ढाई घंटे तक पूरी तरह जाम रखा.
फॉर्म भरकर लौट रहा था युवक
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रितेश अपनी मोटरसाइकिल से एक प्रतियोगी परीक्षा (Competitive Exam) का फॉर्म भरकर कोकर की ओर से वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान होटल माहेश्वरी के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन (कार) ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद रितेश और कार सवार युवकों के बीच बहस और कहा-सुनी शुरू हो गई. मामला इतना बढ़ा कि कार में सवार करीब सात युवक नीचे उतरे और रितेश पर टूट पड़े. युवकों ने रितेश को जमकर धुना, जिससे उसके नाक, मुंह और पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं. वारदात के बाद सभी आरोपी अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए.
Also Read: गढ़वा: ‘PhonePe’ से घूस लेने वाले राजस्व कर्मचारी पर गिरी गाज, वीडियो वायरल होने के बाद हुए सस्पेंड
गुस्से में इलाज न कराने पर अड़ा रहा घायल
सरेआम हुई इस गुंडागर्दी के बाद पीड़ित रितेश इस कदर आक्रोश में था कि वह इलाज के लिए घटनास्थल से अस्पताल जाने को भी तैयार नहीं हो रहा था. मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे काफी देर तक समझाया, जिसके बाद सदर थाना की पुलिस ने उसे बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
ढाई घंटे तक कोकर-लालपुर रोड जाम
इस जघन्य मारपीट की घटना से स्थानीय लोग बेहद आक्रोशित हो गए और उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी. व्यस्त सड़क होने के कारण कोकर-लालपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार और लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित जनता को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया. काफी मान-मनौव्वल के बाद रात लगभग पौने 10 बजे सड़क से जाम पूरी तरह हटाया जा सका.
आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज
पुलिस ने जब तकनीकी और सीसीटीवी (CCTV) जांच शुरू की, तो पता चला कि वारदात में इस्तेमाल निबंधित कार हैदर अली रोड (रांची) के एक निवासी के नाम पर रजिस्टर्ड है. घटना को लेकर पीड़ित के परिजनों ने सदर थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद और अज्ञात के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस कार नंबर के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










