East Singhbhum News : शराब पीने को लेकर बारातियों ने मारपीट की, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बारात लौटी

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 24 Apr 2025 10:41 PM

विज्ञापन

DCIM100MEDIADJI_0190.JPG

शराब पीने को लेकर बारातियों ने मारपीट की, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

विज्ञापन

चाकुलिया. चाकुलिया प्रखंड की कुचियाशोली पंचायत स्थित मातापुर गांव में शराब पीने से मना करने पर बारातियों ने दुल्हन पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया. घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गये. इस घटना में दूल्हे को भी चोट पहुंची. दूल्हे को बचाने के लिए जीजा आये, तो उन्हें भी चोट आयी. घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. ऐसे में बाराती को बिना दुल्हन लौटना पड़ा. बहरागोड़ा के पाथरा गांव से मंगलवार रात को बारात आयी थी.

दुल्हन के माता-पिता ने बताया कि बड़े अरमान के साथ अपनी बेटी का विवाह तय किया. बारातियों के स्वागत के लिए तमाम व्यवस्था की. बेटी को उपहार स्वरूप फ्रिज, कूलर, पलंग, बिछावन, सोफा आदि की खरीदारी की. उनके भोजन के लिए मुर्गा भात बनाया. बाराती पहुंचे और भोजन कर लिया. दुल्हन पक्ष के सभी आमंत्रित लोगों ने भोजन ग्रहण किया.

अंत में कुछ बाराती टेबल पर शराब पीने लगे

दुल्हन के माता पिता ने बताया कि अंत में भोजन करने पहुंचे कुछ बाराती भोजन के टेबल पर शराब पीने लगे. ऐसा करने से रोकने पर मारपीट शुरू कर दी. दुल्हन पक्ष की महिलाओं को निशाना बनाया गया. इसके बाद गुस्साये दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों की पिटाई कर दी. दूल्हा भी मारपीट करने को उतारू हो गया. इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते दूल्हे के जीजा के सिर पर चोट लग गयी और मामला बिगड़ गया.

लाखों खर्च हो गया, बेटी का विवाह भी नहीं हुआ : माता-पिता

इसके बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गयी. इस घटना के बाद से दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. दुल्हन के माता-पिता ने बताया कि उनके लाखों रुपये खर्च हो गये. बेटी का विवाह भी नहीं हो सका. दूसरी ओर दूल्हा पक्ष के लोगों ने चाकुलिया थाना पहुंच कर मारपीट की घटना की लिखित शिकायत की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola