अफगानिस्तान-ए ने भारत-ए को DLS से हराया, वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी भी नहीं आई काम

Published by : Ujjawal Sinha Updated At : 11 Jun 2026 11:11 PM

विज्ञापन

इंडिया ए टीम (फोटो-सोशल मीडिया)

वैभव सूर्यवंशी (44) और प्रभसिमरन सिंह (84) की शानदार पारियों की बदौलत भारत-ए ने 349 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन बारिश से प्रभावित मुकाबले में अफगानिस्तान-ए ने डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के आधार पर 4 रन से जीत दर्ज कर ली. इमरान मीर और बशीर शाह की नाबाद साझेदारी ने अफगानिस्तान को जीत की राह पर पहुंचाया.

विज्ञापन

IND-A vs AFG-A: वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद भारत-ए को त्रिकोणीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. गुरुवार को रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में अफगानिस्तान-ए ने डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के आधार पर भारत-ए को 4 रन से हरा दिया.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए की टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में 49 ओवर में 9 विकेट पर 349 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. जवाब में अफगानिस्तान-ए ने 25.5 ओवर में 2 विकेट पर 177 रन बना लिए थे, तभी बारिश ने दोबारा दस्तक दी. इसके बाद खेल शुरू नहीं हो सका और DLS नियम के अनुसार अफगानिस्तान-ए को विजेता घोषित कर दिया गया.

वैभव और प्रभसिमरन ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत

भारत-ए की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही अफगान गेंदबाजों पर हमला बोला. उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. वैभव और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए महज 7.1 ओवर में 74 रन जोड़कर टीम को मजबूत मंच दिया. हालांकि वैभव के आउट होने के बाद प्रियांश आर्य भी सिर्फ 8 रन बनाकर चलते बने और भारत-ए ने 88 रन तक दो विकेट गंवा दिए.

प्रभसिमरन, गायकवाड़ और तिलक ने संभाली पारी

शुरुआती झटकों के बाद प्रभसिमरन सिंह और ऋतुराज गायकवाड़ ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला. प्रभसिमरन ने 69 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके शामिल रहे.

इसके बाद गायकवाड़ ने कप्तान तिलक वर्मा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक जमाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. गायकवाड़ और तिलक ने 66-66 रन बनाए, जबकि सूर्यांश शेडगे ने तेज 40 रन का योगदान दिया. अफगानिस्तान-ए की ओर से अब्दुल्ला अहमदजई सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 68 रन देकर 5 विकेट झटके. फरमानुल्लाह सफी ने 3 विकेट अपने नाम किए.

अफगानिस्तान-ए की मजबूत जवाबी शुरुआत

बारिश के कारण अफगानिस्तान-ए को 38 ओवर में 294 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. लक्ष्य का पीछा करते हुए हसन ईसाखिल और इमरान मीर ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. हसन 34 रन बनाकर आउट हुए, जबकि खालिद तनीवाल केवल 2 रन बना सके. इसके बाद इमरान मीर और बशीर शाह ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 108 रन की नाबाद साझेदारी कर मैच का रुख अफगानिस्तान की ओर मोड़ दिया.

इमरान मीर 75 रन और बशीर शाह 51 रन बनाकर नाबाद लौटे. जब बारिश के कारण खेल रुका, तब अफगानिस्तान-ए 25.5 ओवर में 177/2 के स्कोर पर DLS गणना में भारत-ए से आगे थी. लगातार बारिश के चलते मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका और अफगानिस्तान-ए को 4 रन से विजेता घोषित कर दिया गया. भारत-ए के लिए यह हार निराशाजनक रही, लेकिन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी और शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी ने एक बार फिर भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत दिए.

यह भी पढ़ें: भारत में जन्में खिलाड़ी की ऑस्ट्रेलियाई टीम में एंट्री, 62 साल बाद क्रिकेट में दिखेगा यह अनोखा नजारा

विज्ञापन
Ujjawal Sinha

लेखक के बारे में

By Ujjawal Sinha

उज्ज्वल कुमार सिन्हा | स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट उज्ज्वल कुमार सिन्हा एक खेल पत्रकार हैं, जिन्हें खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह प्रभात खबर में स्पोर्ट्स सेक्शन को लीड कर रहे हैं, जहां वे विभिन्न खेलों से संबंधित खबरों की योजना, संपादन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं. अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल और अन्य प्रमुख खेलों से जुड़ी खबरों, विश्लेषणों और विशेष रिपोर्टों पर व्यापक रूप से कार्य किया है. डेस्क पत्रकारिता में उनकी विशेष विशेषज्ञता रही है, जहां उन्होंने एक्सक्लूसिव कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और गहन खेल विश्लेषण पर लगातार काम किया है. उज्ज्वल ने प्रो कबड्डी लीग और रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों को कवर किया है. इससे उन्हें पेशेवर खेलों की कार्यप्रणाली, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल इकोसिस्टम की गहरी समझ विकसित करने का अवसर मिला है. प्रभात खबर से पहले वह नवभारत, CricTracker, जनसत्ता, स्पोर्ट्स तक और एपीएन न्यूज जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं. विभिन्न राष्ट्रीय और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काम करने का अनुभव उन्हें खेल पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और दर्शकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है. शैक्षणिक रूप से उन्होंने सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में स्नातक तथा सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार से जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है. पत्रकारिता के अलावा उनका खेल से व्यक्तिगत जुड़ाव भी रहा है. वह क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं और बिहार के स्टेट कैंप में हिस्सा ले चुके हैं. मैदान पर खिलाड़ी के रूप में मिले अनुभव के कारण उनके लेखन और विश्लेषण में खेल की तकनीकी एवं व्यावहारिक समझ की स्पष्ट झलक दिखाई देती है. विशेष रुचि: क्रिकेट, कबड्डी, घरेलू खेल, खेल विश्लेषण, खिलाड़ी प्रोफाइल और एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स स्टोरीज.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola