IND vs AFG T20 2026: एशियन गेम्स से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की असली परीक्षा, अय्यर-तिलक-अभिषेक समेत इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
श्रेयस अय्यर, भारतीय टी20 कप्तान (एक्स)
IND vs AFG T20 2026: एशियन गेम्स 2026 की तैयारी के लिए भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज अहम. जानें अय्यर, तिलक, अभिषेक समेत इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर.
IND vs AFG T20 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज 13 सितंबर से दिल्ली में शुरू होने जा रही है. तीनों मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे. यह बाइलेटरल सीरीज है, लेकिन भारतीय टीम के लिए इसका महत्व काफी बड़ा है. इस सीरीज को आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.
खास बात यह है कि अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुने गए भारतीय खिलाड़ियों में से ज्यादातर खिलाड़ी एशियन गेम्स 2026 टीम का भी हिस्सा हैं. ऐसे में दिल्ली के इन तीन मैचों में टीम इंडिया सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ जीत की तलाश में नहीं होगी, बल्कि खिलाड़ियों की भूमिका, टीम कॉम्बिनेशन और मैच रणनीति को भी परखेगी.
भारत के लिए क्यों खास है भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज?
भारत एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट का मौजूदा चैंपियन है और उसे सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है. पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी. इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ तीन T20 भारत के लिए सबसे अहम प्रतिस्पर्धी (competitive) तैयारियों में शामिल होंगे. इसके बाद 22 सितंबर को जापान के खिलाफ भी T20 मुकाबला खेला जाना है. यानी भारतीय टीम के पास एशियन गेम्स से पहले अपने कॉम्बिनेशन को परखने के लिए सीमित मौके हैं.
ये भी पढ़ें: Indian Cricketers 80s AI Look: 1980s के लुक में छाए टीम इंडिया के खिलाड़ी, तस्वीरें वायरल
इस सीरीज में टीम मैनेजमेंट की नजर इन सवालों पर होगी:
- भारत पावरप्ले में कितने रन बनाता है?
- स्पिन के खिलाफ मिडिल ऑर्डर कितना आक्रामक रहता है?
- श्रेयस अय्यर कप्तान के तौर पर कितनी तेजी से फैसले लेते हैं?
- संजू सैमसन और ईशान किशन में विकेटकीपिंग-बल्लेबाजी का बेहतर कॉम्बिनेशन कौन देता है?
- जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ तीसरा तेज गेंदबाज कौन होगा?
- अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर में से किसका इस्तेमाल किस परिस्थिति में होगा?
श्रेयस अय्यर के लिए कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों का टेस्ट
इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की भूमिका सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक होगी. उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है और एशियन गेम्स में भी वह कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके 2026 में टी20 में आंकड़े प्रभावशाली रहे हैं. उन्होंने 10 मैचों में 311 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 150 के आसपास रहा है. लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ चुनौती सिर्फ रन बनाने की नहीं होगी.
राशिद खान और नूर अहमद जैसे स्पिनरों के सामने अय्यर को अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ कप्तानी की रणनीति भी दिखानी होगी. एशियन गेम्स से पहले यह सीरीज अय्यर के लिए कप्तान के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने का बड़ा मौका है.
तिलक वर्मा पर भी रहेगी बड़ी जिम्मेदारी
तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है. वह भारत के मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने 2026 में T20 क्रिकेट में 255 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट करीब 150 रहा है. जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया तीन मैचों में भी उन्होंने 77 रन बनाए.
अफगानिस्तान के खिलाफ उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती बीच के ओवरों में स्पिन का सामना करना होगी. अगर तिलक राशिद खान और नूर अहमद जैसे गेंदबाजों के खिलाफ लगातार रन बनाने में सफल रहते हैं, तो एशियन गेम्स में उनका रोल और मजबूत हो सकता है.
अभिषेक शर्मा के सामने सबसे बड़ा सवाल- निरंतरता
अभिषेक शर्मा भारत के सबसे विस्फोटक T20 बल्लेबाजों में शामिल हैं. उन्होंने 2026 में 23 T20 में 514 रन बनाए हैं. उनकी सबसे बड़ी ताकत पावरप्ले में तेजी से रन बनाना है. लेकिन हाल के मुकाबलों में उनके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला है.
अफगानिस्तान के पास मजबूत स्पिन अटैक है. इसलिए शुरुआती छह ओवरों में अभिषेक किस तरह बल्लेबाजी करते हैं, यह सीरीज का बड़ा आकर्षण होगा. अगर वह पावरप्ले में तेजी से रन बनाते हैं, तो भारत को मिडिल ओवरों में स्पिन के खिलाफ दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
संजू सैमसन या ईशान किशन? विकेटकीपिंग पर बड़ा सवाल
भारत के पास विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और ईशान किशन दो बड़े विकल्प हैं. संजू ने 2026 में 11 T20 में 394 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 188.52 रहा है. दूसरी ओर ईशान किशन के लिए यह सीरीज वापसी और फिटनेस के लिहाज से अहम है.
हालांकि 11 सितंबर को अभ्यास के दौरान ईशान की पीठ में खिंचाव की खबर सामने आई. नेट्स में बाउंसर से बचने की कोशिश के दौरान वह असहज हुए और इसके बाद बल्लेबाजी जारी नहीं रखी. अभी तक उन्हें सीरीज से बाहर किए जाने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इसलिए उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला मेडिकल अपडेट के बाद ही स्पष्ट होगा. अगर ईशान फिट रहते हैं, तो विकेटकीपर और ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर टीम मैनेजमेंट के सामने दिलचस्प विकल्प होंगे.
राशिद खान और नूर अहमद से कैसे निपटेगा भारत?
अफगानिस्तान की सबसे बड़ी ताकत उसका स्पिन विभाग है. राशिद खान को भारतीय परिस्थितियों और IPL का लंबा अनुभव है. उनके साथ युवा स्पिनर नूर अहमद भी भारत के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं. नूर ने 26 T20 में 20 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 7.46 रही है. इसलिए भारत की रणनीति सिर्फ विकेट बचाने की नहीं, बल्कि स्पिन के खिलाफ रन बनाने की होनी चाहिए.
भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन अटैक के खिलाफ स्ट्राइक बदलना जरूरी
- पावरप्ले में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने होंगे.
- स्पिनरों के खिलाफ स्ट्राइक रोटेट करनी होगी.
- स्वीप और रिवर्स स्वीप जैसे शॉट्स से फील्ड बदलने की कोशिश करनी होगी.
- खराब गेंदों को बाउंड्री में बदलना होगा.
अगर भारत 7 से 15 ओवर के बीच रन गति बनाए रखता है, तो अफगानिस्तान के स्पिन अटैक का प्रभाव काफी कम किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: Rohit Sharma Kitbag Story: जब रणजी टीम में बिना किटबैग पहुंचे थे रोहित शर्मा, अभिषेक नायर ने सुनाया मजेदार किस्सा
यश ठाकुर के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका
हर्षित राणा के चोटिल होकर बाहर होने के बाद यश ठाकुर को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. वह अफगानिस्तान सीरीज के साथ-साथ एशियन गेम्स टीम का भी हिस्सा हैं. यश ने जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और दो मैचों में चार विकेट लिए थे. घरेलू T20 क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड मजबूत रहा है. अगर यश नई गेंद और डेथ ओवरों में भरोसेमंद प्रदर्शन करते हैं, तो एशियन गेम्स 2026 में तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका के तौर पर अपनी दावेदारी पेश कर सकते है.
वैभव सूर्यवंशी पर भी रहेगी दुनिया की नजर
भारतीय टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी आकर्षण का केंद्र होंगे. उन्हें एशियन गेम्स टीम में भी जगह मिली है. अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज उनके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े मंच पर अपनी बल्लेबाजी दिखाने का मौका होगी. वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी भारत को पावरप्ले में एक अतिरिक्त ओपनिंग विकल्प दे सकती है. हालांकि टीम मैनेजमेंट उन्हें किस ऑर्डर पर और कितने मैचों में मौका देता है, यह देखने वाली बात होगी.
नीतीश कुमार रेड्डी बन सकते हैं टीम कॉम्बिनेशन की कुंजी
नीतीश कुमार रेड्डी भारत को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में विकल्प देते हैं. अगर वह 2-3 ओवर प्रभावी ढंग से कराते हैं और नंबर 6 या 7 पर तेजी से रन बना सकते हैं, तो भारत अतिरिक्त गेंदबाज के बिना भी प्लेइंग 11 में उतार सकता है. यही वजह है कि उनकी फिटनेस और उपलब्धता टीम कॉम्बिनेशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी.
IND vs AFG: इन 5 आंकड़ों पर रहेगी सबसे ज्यादा नजर
1. पावरप्ले रन रेट
भारत शुरुआती छह ओवरों में कितनी तेजी से रन बनाता है, यह बेहद अहम होगा. खासकर अफगानिस्तान के स्पिनरों को ध्यान में रखते हुए भारत को शुरुआती ओवरों का अधिकतम फायदा उठाना होगा.
2. स्पिन के खिलाफ रन रेट
7 से 15 ओवर के बीच भारत की बल्लेबाजी सीरीज का सबसे बड़ा टेस्ट हो सकती है.
3. डेथ ओवरों में रन
16 से 20 ओवर में भारत कितने रन बनाता है और कितने विकेट गंवाता है, इससे टीम की फिनिशिंग क्षमता का अंदाजा लगेगा.
4. स्पिन के खिलाफ विकेट
अगर भारत लगातार राशिद और नूर जैसे गेंदबाजों के सामने विकेट गंवाता है, तो Asian Games से पहले यह चिंता का विषय होगा.
5. कप्तान का गेंदबाजों का इस्तेमाल
श्रेयस अय्यर के लिए सबसे अहम परीक्षा यह होगी कि वह बुमराह, अर्शदीप, यश ठाकुर और स्पिनरों के ओवरों का इस्तेमाल किस तरह करते हैं.
ये भी पढ़ें: क्या वीरेंद्र सहवाग Rise and Fall Season 2 को होस्ट करेंगे?
अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्कवॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर
भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद मजबूत
टी20 क्रिकेट में भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 9 T20I में भारत ने 8 मुकाबले जीते हैं, जबकि अफगानिस्तान को एक भी जीत नहीं मिली है. एक मुकाबला बेनतीजा रहा था.
भारत ने 2024 की T20 सीरीज में अफगानिस्तान को 3-0 से हराया था. इसी सीरीज के तीसरे मैच में मुकाबला टाई होने के बाद भारत ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की थी. इसके बाद T20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 मुकाबले में भी भारत ने अफगानिस्तान को 47 रन से हराया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए