टॉप ऑर्डर की रेस में 4 दावेदार, क्या वैभव का कटेगा पत्ता? अफगानिस्तान के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की Playing-11
वैभव सूर्यवंशी का 'A' सेलिब्रेशन (फोटो- सोशल मीडिया)
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20 में टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर को लेकर सबसे बड़ी चुनौती है. अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी में से किन्हें प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी, ये बड़ा सवाल है. ईशान की फिटनेस भी फैसले पर असर डाल सकती है.
IND vs AFG 1st T20I: अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में टीम इंडिया के सामने सबसे अहम सवाल टॉप ऑर्डर को लेकर है. टीम के पास टॉप-3 के लिए चार विकल्प हैं. जिसमें अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और ईशान किशन मौजूद हैं. ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि इन चार में से किन तीन बल्लेबाजों को प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी और किसका पत्ता कटेगा.
वैभव सूर्यवंशी के खेलने पर सस्पेंस
दलीप ट्रॉफी फाइनल में खेलने के कुछ ही घंटे बाद वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के कैंप में पहुंचे हैं. लंबे घरेलू मुकाबले के तुरंत बाद टी20 मैच के लिए मैदान पर उतरना उनके वर्कलोड को देखते हुए चुनौतीपूर्ण हो सकता है. नेट्स में वैभव को जसप्रीत बुमराह की गेंदों का सामना करते हुए भी परेशानी हुई.
ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन्हें पहले टी20 में आराम दे सकता है. अगर ऐसा होता है तो भारत अपने टी20 वर्ल्ड कप वाले टॉप ऑर्डर को फिर से आजमा सकता है. अभ्यास सत्र में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन का साथ में काफी समय तक बल्लेबाजी करना भी इस कॉम्बिनेशन की ओर इशारा करता है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: जसप्रीत बुमराह के सामने बेबस दिखे 'बॉस बेबी', महज चार गेंदों में वैभव को कर दिया खामोश
ईशान किशन की फिटनेस पर नजर
हालांकि, वैभव के प्लेइंग-11 में शामिल होने का फैसला ईशान किशन की फिटनेस पर भी निर्भर कर सकता है. शुक्रवार के अभ्यास सत्र में ईशान को पीठ से जुड़ी परेशानी हुई थी. अगर वह पहले टी20 से बाहर रहते हैं तो भारत के पास विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के विकल्प रहेंगे.
ऐसी स्थिति में वैभव के खेलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी. वहीं संजू सैमसन को नंबर तीन पर उतारा जा सकता है. यानी ईशान की फिटनेस सीधे तौर पर वैभव के पहले टी20 में खेलने की संभावना को प्रभावित कर सकती है.
अभिषेक के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
अभिषेक शर्मा का ओपनिंग करना लगभग तय माना जा रहा है. इसके बाद सवाल है कि उनके साथ कौन पारी की शुरुआत करेगा. संजू सैमसन और ईशान किशन दोनों इस भूमिका को निभा सकते हैं, जबकि वैभव भी शीर्ष क्रम के विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं.
टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि अनुभव और युवा जोश के बीच सही संतुलन कैसे बनाया जाए. एशियन गेम्स से पहले यह सीरीज युवा खिलाड़ियों को आजमाने का भी अहम मौका है.
मिडिल ऑर्डर में भी कई दावेदार
टॉप ऑर्डर के बाद मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जैसे विकल्प मौजूद हैं. कागज पर यह बल्लेबाजी क्रम मजबूत नजर आता है, लेकिन हालिया फॉर्म को देखते हुए टीम मैनेजमेंट के सामने सही कॉम्बिनेशन चुनने की चुनौती होगी.
बुमराह की वापसी से गेंदबाजी मजबूत
जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी को बड़ा मजबूती मिलेगी. लंबे समय बाद टी20 टीम में लौट रहे बुमराह नई गेंद से अर्शदीप सिंह के साथ जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई के बीच मुकाबला है.
भारत की संभावित Playing-11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन/वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.
ये भी पढ़ें: जब हार मानकर सो गई थी टीम इंडिया, जागी तो पाकिस्तान को कर दिया ढेर; बचाया था वनडे का सबसे छोटा स्कोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए