Asia Cup Final: टीम इंडिया को श्रीलंका की खुली चुनौती, कप्तान अट्टापट्टू बोलीं- 'हम किसी को भी हरा सकते हैं'
श्रीलंका महिला टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
महिला टी20 एशिया कप 2026 के फाइनल से पहले श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने भारतीय टीम को लेकर एक अहम बयान दिया है. पाकिस्तान को हराकर फाइनल में पहुंची श्रीलंकाई टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है.
Asia Cup Final: महिला टी20 एशिया कप 2026 के फाइनल से पहले श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने भारतीय टीम को लेकर अहम बयान दिया है. पाकिस्तान को सेमीफाइनल में 4 विकेट से हराकर फाइनल में पहुंची श्रीलंका की कप्तान अपनी टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश हैं. अटापट्टू का मानना है कि उनकी टीम के पास इतनी गहराई है कि वो किसी भी टीम को हरा सकती है.
फाइनल से पहले श्रीलंका का बढ़ा आत्मविश्वास
श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और शुरुआती छह ओवर में ही चमारी अटापट्टू, संजना कविंदी और हसिनी परेरा आउट हो गईं. इसके बाद श्रीलंका की युवा बल्लेबाजों ने जिस तरह दबाव संभाला, उसने कप्तान का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया.
67 रन की साझेदारी ने बदला मैच
श्रीलंका मुश्किल स्थिति में था, लेकिन हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी ने पारी को संभाल लिया. दोनों ने मिलकर 67 रन की अहम साझेदारी की. इस दौरान दोनों ने जोखिम कम लिया, लगातार स्ट्राइक रोटेट की और पाकिस्तान पर दबाव वापस डाल दिया.
ये भी पढ़ें: श्रीलंका ने तोड़ा पाकिस्तानी कप्तान का दिल, सेमीफाइनल में हार के बाद मैदान पर फूट-फूटकर रोईं
हर्षिता ने 36 रन बनाए, जबकि दिलहारी ने 33 रन की पारी खेली. दोनों के आउट होने के बाद भी श्रीलंका की टीम लक्ष्य से ज्यादा दूर नहीं थी. नीलाक्षी डी सिल्वा और कौशानी नुथ्यांगना ने टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया और 8 गेंद बाकी रहते श्रीलंका को जीत दिला दी.
कप्तान ने कहा- किसी भी टीम को हरा सकते हैं
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद चमारी अटापट्टू ने अपनी टीम की गहराई की तारीफ की. उन्होंने कहा कि श्रीलंका के पास हर्षिता, नीलाक्षिका और कविशा जैसी अच्छी फिनिशर हैं. उनके मुताबिक टीम की गेंदबाजी इकाई भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है. कप्तान ने साफ कहा कि अगर फाइनल में टीम अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू करती है, तो वह किसी भी टीम को हरा सकती है.
भारत के खिलाफ फाइनल में होगी असली परीक्षा
अब श्रीलंका के सामने फाइनल में भारत की चुनौती है. भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन के बाद खिताबी मुकाबले में पहुंची है. ऐसे में श्रीलंका के लिए पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत से हासिल आत्मविश्वास काफी अहम होगा. पिछली बार एशिया कप का खिताब श्रीलंका ने भारत को हराकर जीता था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए