धातकीडीह गांव में बाल शिक्षा संगम : कंकड़-तिनकों से सीखा गणित, कहानियों से पढ़ाई में बढ़ी रुचि
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 11 Jun 2026 12:19 AM
विज्ञापन
कहानी वाचन सत्र बच्चों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा
विज्ञापन
गालूडीह.
ग्रीष्म अवकाश के दौरान जहां अधिकतर विद्यालयों में सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं घाटशिला प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय धातकीडीह बच्चों की गतिविधियों से गुलजार रहा. विद्यालय द्वारा आयोजित बाल शिक्षा संगम कार्यक्रम ने बच्चों को छुट्टियों में भी शिक्षा से जोड़े रखा और खेल-खेल में सीखने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराया.कविता, कहानी और चित्रकला से निखरी प्रतिभा :
बाल शिक्षा संगम के तहत हिंदी एवं अंग्रेजी कविता पाठ, पुस्तकालय आधारित कहानी वाचन, चित्रकला, खेलकूद तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया. बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया. कहानी वाचन सत्र बच्चों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां उन्होंने कहानियां सुनने के साथ स्वयं भी कहानी सुनाने का प्रयास किया. कविता पाठ में बच्चों ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अपनी प्रस्तुति देकर आत्मविश्वास का परिचय दिया.
पहल की अभिभावकों ने की सराहना :
एफएलएन गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों को अक्षर पहचान, शब्द निर्माण और पठन कौशल विकसित करने के लिए रोचक अभ्यास कराए गए. वहीं गणित को आसान बनाने के लिए कंकड़, तिनके और बंडलों जैसे स्थानीय संसाधनों का उपयोग किया गया. इन सामग्रियों की मदद से बच्चों ने गिनती, जोड़-घटाव और समूह निर्माण की अवधारणाओं को सहज रूप से समझा. चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने प्रकृति, पर्यावरण और विद्यालय से जुड़े सुंदर चित्र बनाए, जबकि खेल गतिविधियों से उनमें टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ. कार्यक्रम की सफलता में समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सीनी टाटा ट्रस्ट की एवलिन होरो ने विशेष सहयोग प्रदान किया. विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मालती मुर्मू, उपाध्यक्ष गुड़िया मुर्मू, वार्ड सदस्य शेफाली मुर्मू, बाल संसद के सदस्य, अभिभावक एवं बच्चों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई. प्रधानाध्यापक साजिद अहमद ने कहा कि बाल शिक्षा संगम का उद्देश्य अवकाश के दौरान भी बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को निरंतर बनाए रखना है. इस पहल की अभिभावकों ने भी सराहना की और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










