CWG 2026: राजा मुथुपांडी ने वेटलिफ्टिंग में जीता सिल्वर मेडल, उठाया 286 किलोग्राम वजन

Updated:
विज्ञापन
स्टार वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी (एक्स)

स्टार वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी (एक्स)

Raja Muthupandi: भारत के स्टार वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता है. उन्होंने कुल 286 किलोग्राम वजन उठाया. यह उनकी वापसी की एक प्रेरक कहानी है.

विज्ञापन

Raja Muthupandi: भारत के स्टार वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 65 किलोग्राम भार वर्ग (65kg weight category) में रजत पदक (Silver Medal) जीत लिया है. रविवार को हुए मुकाबले में 26 साल के इस भारतीय खिलाड़ी ने कुल 286 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया और भारत को वेटलिफ्टिंग में दिन का तीसरा मेडल दिलाया. इस दौरान भारत के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा, वहीं ऋषिकांत सिंह चनामबम ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया.

स्नैच और क्लीन एंड जर्क में दिखाया शानदार दम

राजा मुथुपांडी ने वजन उठाने की प्रतियोगिता की शुरुआत स्नैच स्पर्धा भारोत्तोलन (Weightlifting) से की. पहले प्रयास के बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 126 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया, जिससे वे मेडल की रेस में बने रहे. इसके बाद क्लीन एंड जर्क इंवेट में भी उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 160 किलोग्राम वजन उठाया. इस तरह उनका कुल वजन 286 किलोग्राम रहा, जिससे उन्होंने प्रतियोगिता में रजत पदक जीता. पूरे मुकाबले के दौरान राजा ने बहुत संयम और बेहतरीन खेल कौशल दिखाया.

मलेशिया के अजनिल ने बनाया नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक मलेशिया के मुहम्मद अजनिल बिन बिदिन ने जीता. उन्होंने कुल 299 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड स्थापित किया. यह उनका लगातार तीसरा कॉमनवेल्थ गेम्स स्वर्ण पदक है. इससे पहले भी वह 2018 गोल्ड कोस्ट और 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में चैंपियन रह चुके हैं.

चोट और कोरोना ने करियर को पहुंचाया था बड़ा झटका

राजा मुथुपांडी का यह रजत पदक केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि संघर्ष और वापसी की प्रेरक कहानी भी है. साल 2019 में उनकी कोहनी के लिगामेंट में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उनका करियर लगभग समाप्त होने की कगार पर पहुंच गया था. लंबी सर्जरी और पुनर्वास के दौरान ही कोरोना महामारी आ गई, जिससे उनकी रिकवरी और ट्रेनिंग दोनों प्रभावित हुईं. इतना ही नहीं, भार वर्गों में बदलाव और भारतीय स्टार जेरेमी लालरिननुंगा के उभरने के कारण राजा 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स की भारतीय टीम में जगह नहीं बना सके. यह उनके करियर का सबसे कठिन दौर था.

65 किलोग्राम वर्ग बनने के बाद बदली किस्मत

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 65 किलोग्राम भार वर्ग शुरू होने के बाद राजा मुथुपांडी को अपनी क्षमता के अनुसार खेलने का मौका मिला. उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत जारी रखी और नेशनल तथा इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करके भारतीय टीम में दोबारा जगह बनाई. उनकी इस मेहनत का असर साल 2025 से ही नजर आने लगा, जब उन्होंने कई बड़े मंचों पर बेहतरीन खेल दिखाया और भारत के बेहतरीन वेटलिफ्टरों में अपनी पक्की जगह बना ली.

वर्ल्ड चैंपियनशिप में किया था करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले राजा ने 2025 आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया था. नॉर्वे के फोर्डे में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 299 किलोग्राम वजन उठाकर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और नौवां स्थान हासिल किया. उन्होंने क्लीन एंड जर्क में पांचवां तथा स्नैच में 12वां स्थान प्राप्त किया था. इसी प्रदर्शन ने यह संकेत दे दिया था कि वह बड़े मंच पर पदक जीतने की क्षमता रखते हैं.

राजा मुथुपांडी की प्रमुख उपलब्धियां

  • 2022 राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप: स्वर्ण पदक
  • 2024 राष्ट्रीय चैंपियनशिप (हिमाचल प्रदेश): स्वर्ण पदक और पुरुष 61 किलोग्राम वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड
  • 2025 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप: रजत पदक, कुल 296 किलोग्राम वजन उठाकर व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
  • 2025 आईडब्ल्यूएफ विश्व वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप (नॉर्वे): पुरुष 65 किलोग्राम वर्ग में नौवां स्थान और कुल 299 किलोग्राम के साथ करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
  • कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: पुरुष 65 किलोग्राम वर्ग में 286 किलोग्राम कुल वजन उठाकर रजत पदक

इसे भी पढ़े- CWG 2026: मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड; भारत को दिलाया पहला सोना


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola