Imran Tahir: 47 की उम्र में भी नहीं थमा ताहिर का जलवा, CPL में 5 विकेट लेकर खुद का रिकॉर्ड तोड़ा
ईमरान ताहिर फोटो—एक्स
दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर इमरान ताहिर 47 साल की उम्र में भी कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं. कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में उन्होंने 5 विकेट लेकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है. 600 T20 विकेट के पार जाने के करीब हैं.
Imran Tahir New Record: उम्र बढ़ने के साथ क्रिकेटरों का प्रदर्शन कम होने लगता है, लेकिन इमरान ताहिर अब भी इस सोच को गलत साबित कर रहे हैं. कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) के मौजूदा सीजन में 47 साल की उम्र में खेल रहे दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज स्पिनर ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो टी20 क्रिकेट में उनकी खास उपलब्धियों में शामिल हो गया है.
गुयाना अमेजन वॉरियर्स और सेंट लूसिया किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में ताहिर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. चार ओवर के स्पेल में उन्होंने कप्तान रोस्टन चेज को भी अपना शिकार बनाया. इस प्रदर्शन के साथ ताहिर ने अपना ही रिकॉर्ड और बेहतर कर दिया.
खुद का रिकॉर्ड ही तोड़ डाला
इमरान ताहिर ने पिछले साल एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ 46 साल 148 दिन की उम्र में टी20 क्रिकेट में सबसे उम्रदराज गेंदबाज के तौर पर पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था.
अब 47 साल और 166 दिन की उम्र में उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. यानी इस खास रिकॉर्ड को तोड़ने वाला कोई और नहीं, बल्कि खुद ताहिर ही हैं. मौजूदा CPL सीजन में भी ताहिर का प्रदर्शन प्रभावी रहा है. वह 8 मैचों में 12 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर हैं. उनका गेंदबाजी औसत 16.91 और इकॉनमी रेट 6.76 है.
600 T20 विकेट से सिर्फ 11 कदम दूर
इमरान ताहिर अब टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि के करीब पहुंच गए हैं. उन्होंने 461 मैचों में 589 विकेट अपने नाम किए हैं. उनके खाते में 13 बार चार विकेट और छह बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड है. अगर ताहिर 11 और विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह टी20 क्रिकेट में 600 विकेट पूरे करने वाले चौथे गेंदबाज बन जाएंगे. उनसे पहले राशिद खान, सुनील नरेन और ड्वेन ब्रावो यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट
गुयाना ने 4 विकेट से जीता मुकाबला
मुकाबले में सेंट लूसिया किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 119 रन बनाए. कामिल पूरन ने 35 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल थे. ओबस पीनार ने 28 गेंदों पर 35 रन बनाए. गुयाना की ओर से इमरान ताहिर ने 5 विकेट लेकर सेंट लूसिया की बल्लेबाजी पर दबाव बनाए रखा. उनकी शानदार गेंदबाजी की वजह से सेंट लूसिया की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी.
120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुयाना की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. 15वें ओवर में टीम का स्कोर 69/4 था और सेंट लूसिया मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी. ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 21 रन जोड़े. इसके बाद क्विंटन सैम्पसन ने सिर्फ 11 गेंदों पर नाबाद 37 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने पांच छक्के और एक चौका लगाया. गुयाना ने 18.3 ओवर में 122/6 का स्कोर बनाकर 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया.
ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज सीरीज के लिए शुरू की तैयारी, सोशल मीडिया पर छाया हिटमैन का ‘Finesse’ अंदाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए