वज्रपात की चपेट में आने से युवक की मौत, जड़ी-बूटी बेचने जा रहा था मारगोमुंडा हाट
Published by : BALRAM Updated At : 07 Jun 2026 8:16 PM
साप्ताहिक हाट जाने के दौरान युवक पर गिरी बिजली
मारगोमुंडा. थाना क्षेत्र के सालमांद्रा गांव के निकट रविवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकपानी गांव निवासी सहजान शेख (40) के रूप में हुई है. बताया गया कि सहजान शेख जंगली जड़ी-बूटी की दवा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. रविवार को वह जड़ी-बूटी बेचने के लिए अपने घर से मारगोमुंडा में लगने वाली साप्ताहिक हाट की ओर जा रहा था. इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए वह सालमांद्रा गांव के निकट एक घर की छावनी के नीचे रुक गया. बताया जाता है कि बारिश के साथ तेज हवा भी चल रही थी. इसी बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में सहजान शेख आ गया. वज्रपात से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के शरीर पर जलने के गंभीर निशान पाए गए. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस तथा प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष सोहन मुर्मू को दी. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शशि कपूर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर उसे अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है. वहीं, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष सोहन मुर्मू ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की. — मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के सालमांद्रा गांव के पास वज्रपात का कहर आकाशीय बिजली ने ली जड़ी-बूटी विक्रेता की जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










