'इंडिया' गठबंधन की कल अहम बैठक, मोदी सरकार के खिलाफ रणनीति बनाएंगे 23 दल
Published by : Pritish Sahay Updated At : 07 Jun 2026 9:08 PM
कांग्रेस नेता जयराम रमेश, फोटो- एएनआई
INDIA Bloc Meeting: लोकसभा चुनाव के बाद विपक्षी दल एक बार फिर बड़ी बैठक करने जा रहे हैं. दिल्ली में होने वाली 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में 23 राजनीतिक दल शामिल होंगे. बैठक में बीजेपी के खिलाफ साझा रणनीति, आगामी चुनावों की तैयारी और गठबंधन के भीतर उभरे मतभेदों पर चर्चा होने की संभावना है.
INDIA Bloc Meeting: हाल के विधानसभा चुनावों के बाद बदले राजनीतिक माहौल के बीच विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) सोमवार (8 जून) को नई दिल्ली में अहम बैठक करने जा रहा है. बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करना है. इसके अलावा बैठक में ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर मौजूद मतभेदों को दूर करना और आगामी चुनावों के लिए एकजुटता का संदेश देना भी शामिल है.
बोले जयराम रमेश- 23 दलों ने बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि 23 राजनीतिक दलों ने नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित होने वाली बैठक में भाग लेने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि विचारों और क्षेत्रीय हितों में विविधता के बावजूद ‘इंडिया’ गठबंधन पूरी तरह एकजुट है. हालांकि कुछ दलों ने अपने-अपने कारणों से इस बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है. लेकिन, जयराम रमेश ने कहा है कि उनका गठबंधन को पूरा समर्थन रहेगा.
कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना
बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है.
द्रमुक और आम आदमी पार्टी रह सकती हैं दूर
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और आम आदमी पार्टी (AAP) इस बैठक में शामिल नहीं होंगी. आम आदमी पार्टी पहले ही सार्वजनिक रूप से इंडिया गठबंधन से दूरी बना चुकी है. वहीं द्रमुक ने तमिलनाडु में कांग्रेस और उसके बीच बदले राजनीतिक समीकरणों के बाद बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है. बैठक में तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को ‘इंडिया’गठबंधन में शामिल करने की संभावना पर भी चर्चा हो सकती है.
2029 लोकसभा चुनावों की तैयारी पर भी नजर
बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति पर विचार-विमर्श किया जा सकता है. विपक्षी दल राष्ट्रीय मुद्दों पर बीजेपी और केंद्र सरकार का मुकाबला करने के लिए साझा एजेंडा तैयार करने की कोशिश कर सकते हैं. इसके अलावा पश्चिम बंगाल में हालिया चुनावी झटके के बाद तृणमूल कांग्रेस भी बैठक में अपनी बात रख सकती है. पार्टी अपने नेताओं पर कथित हमलों का मुद्दा उठाकर गठबंधन के अन्य दलों का समर्थन मांग सकती है. तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि बैठक साझा उद्देश्य और साफ इरादों के साथ आयोजित की जा रही है और गठबंधन पूरी तरह एकजुट है.
कांग्रेस और वाम दलों के बीच मतभेद पर भी हो सकती है चर्चा
हाल के विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस और वाम दलों के बीच पैदा हुए मतभेद पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है. सीपीएम कांग्रेस की ओर से लगाए गए उन आरोपों पर सफाई मांग सकती है, जिनमें केरल विधानसभा चुनाव के दौरान वाम दलों और बीजेपी भाजपा के बीच कथित राजनीतिक समझ का दावा किया गया था. सूत्रों के मुताबिक, माकपा (CPM) की ओर से राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास बैठक में यह मुद्दा उठा सकते हैं. माकपा महासचिव एमए बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर कहा है कि ऐसे आरोप विपक्षी गठबंधन की सहयोगात्मक भावना के खिलाफ हैं. पार्टी चाहती है कि कांग्रेस नेतृत्व इस मामले पर अपना रुख साफ करे.
बीजेपी ने उठाये गठबंधन की एकता पर सवाल
इधर, इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले बीजेपी ने विपक्षी एकता पर सवाल उठाए हैं. पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गठबंधन के भीतर लगातार आरोप-प्रत्यारोप और मतभेद सामने आ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के पास न तो कोई स्पष्ट दृष्टि है और न ही साझा मिशन, बल्कि यह केवल राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का मंच बनकर रह गया है.
लोकसभा चुनाव के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन की पहली बड़ी बैठक
इंडिया गठबंधन की पिछली आधिकारिक बैठक लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम चरण के मतदान से ठीक पहले 1 जून 2024 को नई दिल्ली में हुई थी. इसके बाद यह पहली बड़ी बैठक है, जिसमें विपक्षी दल एक बार फिर साझा रणनीति पर चर्चा के लिए एक मंच पर जुट रहे हैं.
Also Read: अशोक गहलोत ने 2022 के सियासी संकट पर तोड़ी चुप्पी, कहा- आलाकमान के खिलाफ नहीं था विद्रोह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










