Chaibasa News : मालगाड़ी में गार्ड की तबीयत बिगड़ी अस्पताल के रास्ते में गयी जान

Published by : AKASH Updated At : 25 Jul 2025 12:05 AM

विज्ञापन

झारसुगुड़ा जा रही मालगाड़ी के गार्ड वैन में ड्यूटी कर रहे सीनियर गुड्स ट्रेन मैनेजर (गार्ड) तरुण केरकेट्टा (39) की भालूलता में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी.

विज्ञापन

चक्रधरपुर.

झारसुगुड़ा जा रही मालगाड़ी के गार्ड वैन में ड्यूटी कर रहे सीनियर गुड्स ट्रेन मैनेजर (गार्ड) तरुण केरकेट्टा (39) की भालूलता में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी. यह घटना बुधवार की है. बताया गया कि तेज धूप से गार्ड वैन में गर्मी व उमस हो गयी थी. उनकी तबीयत बिगड़ गयी. ट्रेन मैनेजर ने झारसुगुड़ा के ट्रेन मैनेजरों व भालूलता में ऑन डयूटी तैनात स्टेशन मास्टर को सूचना दी. उन्हें डयूटी से (छुट्टी) रिलीफ दी गयी. उन्हें बेहोशी की हालत में एंबुलेंस से भालूलता से बंडामुंडा रेलवे अस्पताल ले जाया गया. उनकी स्थिति गंभीर देख रेलवे अस्पताल के चिकित्सकों ने आइजीएच अस्पताल राउरकेला भेज दिया. रास्ते में ट्रेन मैनेजर की मौत हो गयी.

चक्रधरपुर के पंप रोड निवासी थे तरुण

मृतक तरुण केरकेट्टा चक्रधरपुर पंप रोड निवासी थे. उनके परिवार में मां अकेली है. पुत्र की मृत्यु की खबर से वह सदमे में है. बताया जाता है कि उनका झारसुगुड़ा से चक्रधरपुर हेड र्क्वाटर तबादला हो गया था. चक्रधरपुर में रिलीविंग ड्यूटी कर रहे थे.

रेल कर्मियों ने रेलवे के नियम पर उठाया सवाल

घटना को लेकर रेल कर्मियों ने कहा कि बीमार ट्रेन मैनेजर को पहले ही राउरकेला आइजीएच भेज दिया जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी. बंडामुंडा रेलवे अस्पताल में कागजी कार्रवाई व अनुमति में देर हो गयी. ट्रेन मैनेजरों व रेलकर्मियों ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि रेलवे का नियम है कि गंभीर स्थिति में भी सीधे बड़े अस्पतालों में नहीं भेजा जायेगा. मरीज की स्थिति गंभीर होने तक रेलवे अस्पताल में रखा जाता है.

मालगाड़ी के गार्ड वैन की स्थिति खराब

रेल कर्मियों ने कहा कि मालगाड़ी के गार्ड वैन की स्थिति खराब है. पुराने गार्ड वैन में गर्मी, धूप व बरसात में दिक्कत होती है. किसी वैन की छत टपक रहा है, तो किसी की खिड़की टूटी है.

चक्रधरपुर पहुंचा शव, रेलकर्मियों की आंखें हुईं नम

ट्रेन मैनेजर का शव गुरुवार को चक्रधरपुर लाया गया. रेल कर्मचारी साथियों ने परिवार की हरसंभव मदद की. रेलवे के कार्मिक विभाग के कल्याण निरीक्षक एन महेश्वरी राव ने माता को अंत्येष्टि सहायता राशि 10 हजार रुपये सौंपा. मौके पर चक्रधरपुर के रेलवे गार्ड प्रभारी बीएन जामुदा, संतोष कुमार सिंह, संखाई हेम्ब्रम, विकास कुंकल, गोविंद सिंह, जीएस मुखी, नारायण महतो, एके स्वाईं, योगेंद्र तांती, जे बंदा, किशोर प्रधान, एंथोनी फार्नाडो, राजू महतो आदि पहुंचे थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola