सत्य व सूत्रहीन पर खत्म हो रही कार्रवाई

Updated at : 05 Jul 2018 6:00 AM (IST)
विज्ञापन
सत्य व सूत्रहीन पर खत्म हो रही कार्रवाई

बोकारो : बोकारो पुलिस जिले में हुए कई बड़े मामलों के उद्भेदन में विफल रही है. कई माह बीत जाने के बाद भी हत्या व अपहरण जैसी कुछ बड़ी घटनाओं का खुलासा नहीं हो पाया है. इन मामलों में पुलिस दूर से ही लाठी पीट रही है. सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के ग्राम सतनपुर स्थित […]

विज्ञापन

बोकारो : बोकारो पुलिस जिले में हुए कई बड़े मामलों के उद्भेदन में विफल रही है. कई माह बीत जाने के बाद भी हत्या व अपहरण जैसी कुछ बड़ी घटनाओं का खुलासा नहीं हो पाया है. इन मामलों में पुलिस दूर से ही लाठी पीट रही है. सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के ग्राम सतनपुर स्थित एक कुआं में नौ माह पूर्व एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था. दूसरी घटना में हरला थाना क्षेत्र के भतुआ-कंचनपुर सड़क किनारे छह माह पूर्व एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था. तीसरी घटना में सेक्टर नौ बी निवासी सीसीएल कर्मी संजय सिंह गत तीन माह से लापता है. उक्त सभी मामला हत्या व अपहरण से संबंधित है.

अपहृत सीसीएल कर्मी की बाइक भी नहीं मिली : सेक्टर 12 व हरला थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. सेक्टर 12 पुलिस ने सतनपुर के कुआं में युवक का शव मिलने के बाद एफआइआर दर्ज की और तीन माह बाद गत दो जनवरी को मामले को सत्य व सूत्रहीन बताते हुए अदालत में अंतिम प्रतिवेदन जमा कर केस की फाइल बंद कर दी. हरला थाना पुलिस भी भतुआ में मिले शव के संबंध में घटना को सत्य व सूत्रहीन बताते हुए अदालत में आरोप पत्र जमा करने की तैयारी कर रही है. सीसीएल कर्मी संजय सिंह के अपहरण के तीन माह से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस इस मामले में भी कोई सुराग नहीं जुटा पायी है. संजय सिंह की बरामदगी तो दूर उनकी बाइक भी तीन माह में हरला पुलिस बरामद नहीं कर सकी है.
कई माह बाद भी हत्या के दो व अपहरण के एक मामले का नहीं हो पाया खुलासा
केस स्टडी 1 : हत्या
सेक्टर 12 थाना कांड संख्या-63/17
घटना की तारीख- 23 सितंबर 2017
घटनास्थल- सतनपुर गांव का कुआं
सूचक- मनपुरन गोराई, चरवाहा
पुलिस की कार्रवाई -सत्य व सूत्रहीन होकर खत्म.
सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के ग्राम सतनपुर स्थित दुखुबेड़ा कुआं में एक 45 वर्षीय व्यक्त का शव विगत 23 सितंबर को मिला था. पुलिस ने दूसरे दिन 24 सितंबर को कुआं से शव निकाल कर आम लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया. शव की पहचान नहीं होने की स्थिति में पुलिस ने गांव के चरवाहा के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया. तीन माह तक जांच की औपचारिकता पूरी कर पुलिस ने घटना को सत्य व सूत्रहीन बताते हुए गत दो जनवरी को अदालत में आरोप पत्र जमा कर केस की फाइल बंद कर दी. पुलिस के अनुसार, उक्त 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या दूसरे जगह पर की गयी थी. साक्ष्य छुपाने की नियत से शव को सतनपुर के कुआं में फेंका गया था.
केस स्टडी 2 : हत्या
हरला थाना कांड संख्या-147/17
घटना की तारीख- 25 दिसंबर 2017
घटनास्थल- भतुआ-कंचनपुर सड़क किनारे खेत में
सूचक- हरला थाना का चौकीदार लालमोहन तुरी
पुलिस की कार्रवाई- केस को सत्य व सूत्रहीन करने की दिशा में तैयारी.
हरला थाना क्षेत्र के भतुआ-कंचनपुर सड़क के किनारे खेत में एक 35 वर्षीय युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में सुबह के समय मिला था. हरला थाना पुलिस ने चौकीदार की सूचना पर शव बरामद कर आम लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद चौकीदार के बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया. अज्ञात युवक की हत्या गला दबाकर व पत्थर से सिर कुचल कर की गयी थी. पुलिस के अनुसार, उक्त युवक की हत्या अज्ञात अपराधियों ने कहीं दूसरे जगह की है. इसके बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शव को सड़क किनारे फेंक दिया. उक्त घटना के बीते छह माह से भी अधिक समय हो चुके हैं, लेकिन अपराधियों की गिरफ्तारी तो दूर शव की पहचान कराने में भी पुलिस को सफलता नहीं मिली है.
केस स्टडी 3 : अपहरण
हरला थाना कांड संख्या- 49/18
घटना की तारीख-31 मार्च 2018
घटनास्थल- हरला थाना क्षेत्र
सूचक- अपहृत सीसीएल कर्मी की पत्नी रीता सिंह
पुलिस की कार्रवाई- अनुसंधान जारी.
हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नौ बी, स्ट्रीट संख्या-16, आवास संख्या-1291 निवासी संजय सिंह (45 वर्ष) बेरमो के सीसीएल कारो माइंस में क्रेन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं. प्रतिदिन की भांति गत 31 मार्च को भी संजय सिंह बी शिफ्ट (अपराह्न दो बजे से रात दस बजे तक) ड्यूटी गये थे. रात ग्यारह बजे तक जब संजय सिंह घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी रीता सिंह ने उनके मोबाइल पर फोन किया. संजय ने पत्नी को बताया कि वह रास्ते में है. थोड़ी देर में घर लौट आयेंगे. काफी देर के बाद भी जब वह नहीं लौटे तो पत्नी ने उनके पास मौजूद तीन मोबाइल नंबर पर फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. दूसरे दिन संजय की खोजबीन के बाद बेरमो व हरला थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज करायी गयी. आठ दिन बाद भी जब संजय का कुछ पता नहीं चला तो पुलिस ने उनकी पत्नी के आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर लिया. संजय सिंह प्रतिदिन अपनी बाइक (जेएच09सी-0981) से ड्यूटी जाते थे. अपहरण का मामला दर्ज हुए तीन माह से अधिक समय बीत गये, लेकिन पुलिस अभी तक इस मामले में सीसीएल कर्मी का पता लगाना तो दूर उनकी बाइक भी नहीं खोज पायी है.
जिन घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ है. उसका अनुसंधान जारी है. अज्ञात शव की पहचान कराने की सभी औपचारिकताएं पूरी की जायेगी. शव की पहचान होने के बाद ही अपराधियों की गिरफ्तारी संभव है. सीसीएल कर्मी के अपहरण मामले में पुलिस ने काफी वर्क आउट किया है. मैं एक माह से ट्रेनिंग में था. इस दौरान प्रभारी एसपी निधि द्विवेदी ने भी काफी काम किया है. बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जायेगा.
कार्तिक एस, एसपी, बोकारो.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola