लखीसराय में जलजमाव पर सख्त हुआ प्रशासन, बीडीओ खुद पहुंचे गांव, जल्द समाधान का भरोसा
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 26 May 2026 3:25 PM
स्थल निरीक्षण करते बीडीओ अर्पित आनंद
Halsey Water Crisis: लखीसराय में वर्षों पुरानी परेशानी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन
लखीसराय से केशव कुमार की रिपोर्ट .
Halsey Water Crisis: हलसी प्रखंड के हलसी गांव में वर्षों से जलजमाव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है. लगातार शिकायतों और ग्रामीणों के आवेदन के बाद प्रशासन हरकत में आया और मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्पित आनंद ने खुद गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर सड़कों और गलियों में जमा पानी देखकर बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये.
हल्की बारिश में डूब जाती हैं सड़कें
हलसी गांव के वार्ड संख्या 4, 5 और 8 में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं. हल्की बारिश के बाद ही गलियों और सड़कों पर पानी भर जाता है. इससे न सिर्फ लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है, बल्कि मच्छरों का प्रकोप और बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है.
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. परेशान होकर ग्रामीणों ने बीते शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ अर्पित आनंद को आवेदन सौंपा था और जल्द कार्रवाई की मांग की थी.
बीडीओ ने मौके पर जाकर परखी हकीकत
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ अर्पित आनंद मंगलवार को अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि नालियों की सफाई नहीं होने और पानी के प्राकृतिक बहाव में रुकावट के कारण स्थिति और गंभीर हो चुकी है. कई घरों के सामने घुटनों तक पानी जमा मिला.
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीडीओ को अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं. लोगों ने कहा कि जलजमाव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है.
प्रशासन ने दिया जल्द राहत का भरोसा
निरीक्षण के बाद बीडीओ अर्पित आनंद ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या पूरी तरह जायज है और इसका समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि तत्काल राहत के लिए बंद नालियों की सफाई का काम जल्द शुरू कराया जायेगा.
इसके साथ ही स्थायी समाधान के लिए नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी. प्रशासन नये सिरे से नाला निर्माण कराने पर भी विचार कर रहा है ताकि भविष्य में गांव को जलजमाव की समस्या से छुटकारा मिल सके.
ग्रामीणों में जगी उम्मीद
बीडीओ के औचक निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है. लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन इसी गंभीरता से काम करे तो गांव की वर्षों पुरानी समस्या खत्म हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










