पवन सिंह ने 'भगवान बड़ी फुर्सत से…' गाकर लूटी महफिल, आकाशदीप की शादी में झूमे मेहमान, दुल्हन ने छुए पैर
मंच पर आकाशदीप, उनकी पत्नी अक्षिता और गाना गाते पवन सिंह
Akashdeep-Akshita Wedding: भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप की शादी में भोजपुरी स्टार पवन सिंह आकर्षण का केंद्र रहे. उन्होंने स्टेज पर 'भगवान बड़ी फुर्सत से...' गाकर नवदंपती को शुभकामनाएं दीं. गाने पर मेहमान झूम उठे, जबकि दुल्हन अक्षिता ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया.
Akashdeep-Akshita Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप बुधवार को वाराणसी में शादी के बंधन में बंध गए. काशी के प्रतिष्ठित ताज गंगेज होटल में आयोजित इस भव्य समारोह में क्रिकेट, राजनीति और समाज से जुड़े कई खास मेहमान शामिल हुए. हालांकि शादी की तमाम रस्मों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी स्टार और बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह की मौजूदगी की रही.
स्टेज पर पवन सिंह ने गाया गाना, झूम उठे मेहमान
शादी समारोह के दौरान जब पवन सिंह मंच पर पहुंचे तो माहौल पूरी तरह भोजपुरी रंग में रंग गया. उन्होंने अपने लोकप्रिय अंदाज में ‘भगवान बड़ी फुर्सत से आकाशदीप के बनवले बाड़ें…’ गाना गाकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं. गाना शुरू होते ही मेहमानों ने तालियों और हूटिंग के साथ उनका स्वागत किया.
पवन सिंह की प्रस्तुति ने शादी को यादगार बना दिया. समारोह में मौजूद लोग इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए.
दुल्हन अक्षिता ने लिया आशीर्वाद
गाने और शुभकामनाओं के बाद दुल्हन अक्षिता ने मंच पर पहुंचकर पवन सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. इस भावुक और पारंपरिक पल ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया. सोशल मीडिया पर भी इस दृश्य की खूब चर्चा हो रही है.
बारात में आकाशदीप का डांस बना चर्चा का विषय
शादी से पहले निकली बारात में आकाशदीप भी पूरी तरह उत्साह में नजर आए. बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर उन्होंने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ जमकर डांस किया. बारात में शामिल लोगों ने भी देर रात तक जश्न मनाया.
काशी के विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच द्वार पूजा की रस्म संपन्न कराई, जिसके बाद आकाशदीप और अक्षिता ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई.
शिव मंदिर थीम पर सजा था विवाह मंडप
शादी के लिए होटल परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं. विवाह मंडप को शिव मंदिर की थीम पर सजाया गया था, जिसने मेहमानों का ध्यान आकर्षित किया. पूरे आयोजन में पारंपरिक और आधुनिक संस्कृति का खूबसूरत संगम देखने को मिला.
QR कोड से हुई मेहमानों की एंट्री
सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शादी में शामिल होने वाले करीब 300 मेहमानों की एंट्री QR कोड स्कैन करने के बाद ही कराई गई. बताया जा रहा है कि यह व्यवस्था विशेष रूप से वीआईपी मेहमानों और आयोजन की सुरक्षा को देखते हुए की गई थी.
4500 रुपए की थाली में बनारसी से लेकर इंटरनेशनल व्यंजन तक
शादी में मेहमानों के लिए खास भोज का इंतजाम किया गया था. जानकारी के मुताबिक, एक थाली की कीमत करीब 4500 रुपए थी. इसमें पारंपरिक बनारसी व्यंजनों के साथ कई इंटरनेशनल डिशेज भी शामिल थीं. वहीं दूल्हा-दुल्हन के मेकअप के लिए दिल्ली से विशेष मेकअप आर्टिस्ट बुलाए गए थे.
धीरेंद्र शास्त्री और रामभद्राचार्य से भी लिया आशीर्वाद
शादी से पहले आकाशदीप ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर आशीर्वाद प्राप्त किया.
DSP बनने के चार दिन बाद दूल्हा बने आकाशदीप
बिहार सरकार ने चार दिन पहले ही क्रिकेटर आकाशदीप को डीएसपी पद पर नियुक्त किया था. अब सरकारी सम्मान मिलने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी अक्षिता के साथ नई पारी की शुरुआत कर दी है.
आज सासाराम पहुंचेंगे नवविवाहित दंपति
आकाशदीप और उनकी पत्नी अक्षिता मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के सासाराम के रहने वाले हैं. शादी के बाद गुरुवार को दोनों के सासाराम पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां परिवार और स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










